श्मशानघाट पर पूजा की आड़ में रेप

By: Jul 19th, 2019 12:03 am

तांत्रिक गुरु-चेले ने पूजा के बहाने नारग में ले जाकर लूटी आबरू, शिकायत मिलते ही पुलिस ने दोनों किए गिरफ्तार

सोलन – सोलन में दो कथित तांत्रिकों ने श्मशानघाट में पूजा करने की आड़ में एक महिला की आबरू लूट ली। पुलिस ने दोनो तांत्रिकों को गिरफ्तार कर लिया है। इन्हें गुरुवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से पांच दिन का पुलिस रिमांड मिला है। जानकारी के अनुसार घटना बीते रविवार की है। सोलन की समीपवर्ती पंचायत जौणाजी के कनाह के रहने वाले 42 वर्षीय प्रकाश चंद और तहसील कंडाघाट के तुंदल पंचायत के रहने वाले 56 वर्षीय ज्ञान प्रकाश ने एक महिला के साथ रातभर दुराचार किया। यह दोनों महिला को सोलन से बहला-फुसलाकर जिला सिरमौर के नारग लेकर गए। जहां इन्होंने एक खाली मकान में महिला के साथ बारी-बारी दुराचार किया।  पुलिस के अनुसार महिला किसी तरह इनके चंगुल से छूट कर घर पहुंची। जब महिला वहां से भागी तो एक तांत्रिक ने काफी देर तक उसका पीछा किया। लेकिन महिला किसी तरह सड़क तक जा पहुंची। वहां से स्थानीय लोगों की मदद से वह जैसे-तैसे घर लौटी। इसके बाद किसी तरह हिम्मत कर महिला पुलिस थाना सोलन जाकर अपनी आपबीती सुनाई। पुलिस ने 30/19 के तहत मामला दर्ज कर तहकीकात शुरू की। इसके बाद पुलिस ने महिला की शिकायत पर दोनों कथित तांत्रिकों की धड़पकड़ के लिए एक टीम तैयार की। हैरान करने वाली बात यह है कि जिस समय पुलिस की टीम ने इन्हें गिरफ्तार किया, उस समय काफी संख्या में लोग इनके पास थे और यह दोनों एक खेत में हवन कर रहे थे। पुलिस ने इन्हें उसे स्थान से गिरफ्तार किया।  पुलिस के अनुसार पीडि़त महिला ने अपने बयान में कहा कि तांत्रिक एक अन्य महिला व उसके बेटे को भी सोलन से नारग लेकर गए थे। वहां उन्होंने इन्हें अलग-अलग कमरों में बंद कर दिया। महिला ने अपने ब्यान में यह भी कहा कि दूसरी महिला का बेटा रातभर उसी कमरे में सोया था, जिसमें उसे बंधक बनाया हुआ था। इसके अलावा महिला ने यह भी बताया कि वह उस महिला को नहीं जानती। पुलिस का कहना है कि वह दूसरी महिला व उसके बेटे का भी पता लगा रही है कि वह कहां है और किस हालात में है।

पहले भी रेप की सजा भुगत चुका तांत्रिक

पुलिस के अनुसार तांत्रिक व उसके चेलों का यह पुराना कार्य है। इस बात का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वर्ष 2010 में एक महिला के साथ रेप के केस में तांत्रिक ज्ञान प्रकाश को चेला 10 वर्ष की सजा काट चुका है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App