श्रीखंड के भक्तों पर गिरे पत्थर; चार जख्मी, प्रशासन ने यात्रा पर लगाई रोक।

By: Jul 17th, 2019 12:56 pm

आनी — इस बार खराब मौसम और रास्ते में अत्यधिक बर्फ होने के कारण श्रीखंड महादेव यात्रा बेहद कठिन होती जा रही है। अब तक पहाड़ी से पत्थर गिरने से चार श्रद्धालु जख्मी हो चुके हैं। मौसम के बिगड़े मिजाज और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने यात्रा पर अस्थायी तौर पर रोक लगा दी है। श्रीखंड यात्रा ट्रस्ट के उपाध्यक्ष एवं एसडीएम आनी चेतसिंह ने बताया कि यात्रा को लेकर प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है,जो लोग प्राकृतिक कारणों से चोटिल अथवा जख्मी हुए हैं, उन्हें प्रशासन की रेस्क्यू टीम द्वारा रेस्क्यू कर लिया गया है,उन्हें उपचार दे दिया गया है और सभी यात्री सुरक्षित हैं। बेसकैंप सिंहगाड़ में फिलहाल यात्रियों का पंजीकरण नहीं किया जा रहा है,जबकि यात्रा पर निकले यात्रियों को अपने ही कैंप मे रुके रहने के निर्देश जारी किए गए हैं। बिगड़ते हालात को देखते हुए प्रशासन ने भीम डवारी से आगे यात्रियों के जाने पर फिलहाल रोक लगा दी है। बता दें कि आधिकारिक तौर यह यात्रा 15 जुलाई को ही शुरू हुई है। एक अनुमान के तहत अब तक करीब 4000 श्रद्धालु यात्रा पर गए हैं, जिनमें से अधिकतर दर्शन कर लौट आए हैं और कुछ रास्ते में रुके हुए हैं।
आनी से छविंद्र शर्मा की रिपोर्ट


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App