हरियाणा में कांवडि़ए कुचले, एक की मौत

By: Jul 24th, 2019 12:15 am

हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहा था डैहर के 30 शिवभक्तों का जत्था; नारायणगढ़ में हादसा, एक पीजीआई में उपचाराधीन

डैहर—हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी के डैहर से गंगा जल लेकर  लौट रहे कांवडि़यों के जत्थे को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इस हादसे में एक कांवडि़ए की मौत हो गई, जबकि एक पीजीआई में उपचाराधीन है। यह दर्दनाक हादसा हरियाणा के नारायणगढ़ के पास पेश आया है। जानकारी  के अनुसार  सावन महीने में गंगाजल से भगवान भोलनाथ का जलाभिषेक किया जाता है।  इसी उद्देश्य से 18 जुलाई को हरिद्वार से पवित्र गंगाजल कांवड़ों में भरकर डैहर क्षेत्र के 30 सदस्यों के शिवभक्तों का जत्था रवाना हुआ था। इसी दौरान 23 जुलाई मंगलवार तड़के साढ़े चार बजे के करीब हरियाणा के नारायणगढ़ के पास सड़क किनारे चल रहे दो कांवडि़यों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे एक कांवडि़ए की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूसरा  गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका उपचार पीजीआई चंडीगढ़ में चल रहा है। इस घटना के बाद हिमाचल से संबंधित करीब 300 कांवडि़यों ने राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर चक्का जाम कर दिया है। उन्होंने अज्ञात वाहन चालक को जल्द पकड़े की मांग की है। मौके पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी। इसके उपरांत कांवडि़यों ने यातायात बहाल कर दिया है। इस दुखद समाचार के बाद पूरा क्षेत्र गहरे शोक में डूब गया है। दुर्घटना में मृतक  कांवडि़ए की पहचान प्रकाश चंद पुत्र भगवान दास गांव देहवी डाकघर कांगू उपतहसील डैहर जिला मंडी के रूप में हुई है, जबकि जगदीश चंद निवासी बनौला डाकघर जांबला उपतहसील डैहर गंभीर रूप से घायल है।  जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह दुर्घटना का शिकार दोनों कांवडि़ए अन्य समूह से 10 से 15 मिनट आगे यात्रा पर निकल पड़े की अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे एक कांवडि़ए की मौत हो गई। अपने समूह के सदस्यों के दुर्घटना के शिकार होने की सूचना मिलते ही सारे कांवडि़ए मौके पर पहुंच गए व घायल जगदीश को उपचार हेतु स्थानीय नारायणगढ़ अस्पताल में भर्ती किया गया, जिसके बाद गंभीर हालत को देखते हुए उसे पीजीआई चंडीगढ़ में भर्ती किया गया है। दुर्घटना के बाद समेत कांवडि़यों ने अपने साथी को खोने व  यात्रा में विघ्न पड़ने के बाद   यात्रा को स्थगित करते हुए अपने समस्त कांवड़ यमुना में प्रवाहित कर दिए हैं । सुंदरनगर के विधायक राकेश जम्वाल ने दुर्घटना पर गहरा शोक प्रकट किया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App