हिमा का विजय अभियानजारी, जीता पांचवां स्वर्ण

By: Jul 22nd, 2019 12:05 am

नोव मेस्तो (चेक गणराज्य) -भारत की स्टार फर्राटा धाविका हिमा दास ने अपना स्वर्णिम अभियान जारी रखते हुए टाबोर एथलेटिक्स मीट में 400 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक हासिल किया है, जो उनका इस महीने में अंतरराष्ट्रीय स्पर्धाओं में पांचवां स्वर्ण पदक भी है। हिमा ने 400 मीटर स्पर्धा में 52.09 सेकेंड में दौड़ पूरी कर पहला स्थान हासिल किया। उन्होंने इस दौड़ को अपने दूसरे सर्वश्रेष्ठ समय में पूरा किया। उनका निजी सर्वश्रेष्ठ समय 50.79 सेकंड है, जिसे उन्होंने पिछले वर्ष हुए एशियाई खेल के दौरान हासिल किया था। पांचवां स्वर्ण पदक जीतने के बाद 19 वर्षीय हिमा ने ट््वीट कर कहा कि चेक गणराज्य में 400 मीटर दौड़ में शीर्ष पर रहकर अपनी दौड़ पूरी की। इससे पहले उन्होंने इसी महीने की दो जुलाई को पोलैंड में पोजनान ग्रां प्री में अपना पहला स्वर्ण जीता था, जबकि पोलैंड में ही सात जुलाई को कुत्नो एथलेटिक्स मीट में पहले स्थान पर रहते हुए दूसरा, गत 13 जुलाई को चेक गणराज्य में क्लाडनो एथलेटिक्स मीट में तीसरा और 17 जुलाई टेबोर एथलेटिक्स मीट में अपना चौथा स्वर्ण पदक जीता था। हिमा ने पहले चार स्वर्ण 200 मीटर दौड़ में जीते थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App