109 हेक्टेयर भूमि पर रोपे जाएंगे 68900 पौधे

स्वारघाट -ग्राम पंचायत छड़ोल के गांव जामली में वन महोत्सव मनाया गया, जिसका शुभारंभ भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता रणधीर शर्मा द्वारा पौधा लगाकर किया गया। उन्होंने बताया कि यह महोत्सव पांच दिन तक चलेगा और इसके अंतर्गत लगभग 109 हेक्टेयर भूमि पर 68900 पेड़ लगाए जाएंगे। उपस्थित जनसमूह को संबोंधित करते हुए शर्मा ने कहा कि पृथ्वी का बदलता हुआ वातावरण बहुत गंभीर विषय है और इसका मुख्य कारण अंधाधुंध पेड़ों की कटाई और सिकुड़ते हुए वन क्षेत्र है, जिससे वातावरण गर्म हो रहा है। अगर वनों को नहीं बचाया गया तो मानव सभ्यता का जीवन संकट में पड़ सकता है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि ये वन महोत्सव इसलिए मनाया जाता है, जिससे लेागों में पेड़ लगाने के प्रति चेतना उत्पन्न हो और वे अधिक से अधिक पेड़ लगाएं। उन्होंने कहा कि पेड़ पौधों से हमें ऑक्सीजन मिलती है जो कि प्रत्येक प्राणी के लिए अति आवश्यक है। वनों के कारण मिट्टी का कटाव रूकता है और हमें बीमारियों को दूर भगाने के लिए आयुर्वेदिक जड़ी-बुटियां मिलती है। पेड़-पौधों के कारण वर्शा अच्छी होती है, जिससे हर तरफ  हरियाली ही हरियाली रहती है। पेड़ पौधे वन्य जीव-जंतुओं के धर भी है। उन्होंने कहा कि वनों से हमें नैतिकता, परोपकार और विनमता की शिक्षा मिलती है। फलों को स्वयं वृक्ष नहीं खाता है। वो जितना अधिक फल-फूलों से लदा होगा उतनी ही झुका रहता है। हमें अधिक से अधिक वृक्षारोपण करना चाहिए। वृक्षारोपण करके ही हम अपनी भावी पीढ़ी के लिए जीवन के उतरदायी वातावरण सृजित कर सकते है। वृक्षों से ही जीवन संभव है, वृक्ष हैं तो सब कुछ है। यदि वृक्ष नहीं  हैं, तो जीवन में कुछ नही है। इस अवसर पर वन विभाग के वन मंडल अधिकारी व अन्य अधिकारी व कर्मचारी एवं स्थानीय जनता मौजूद रहे।