25 लाख से बनेगा किसान सलाह केंद्र

By: Jul 21st, 2019 12:02 am

हरदासपुरा में विधायक पवन नैयर ने किया शिलान्यास, जल्द मिलेगी सुविधा

चंबा -सदर विधायक पवन नैयर ने कहा कि शून्य लागत प्राकृतिक खेती कर किसान खुशहाल बन सकते हैं। यह किसानों की आय को दोगुना करने का एक मात्र विकल्प है। वह शनिवार को कृषि विभाग कार्यालय में आयोजितक किसान गोष्ठी में बतौर मुख्यातिथि बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि इससे खेती की लागत शून्य है, जबकि उत्पादन अधिक है। उन्होंने कृषकों से जैविक विधि से खेती करने का आह्वान भी किया। उन्होंने कहा कि जैविक विधि द्वारा खेती करने से उत्पादन की लागत तो कम होती ही है। इसके साथ ही कृषकों को उत्पादों का अधिक दाम भी प्राप्त होता है। अंतरराष्ट्रीय बाजार की स्पर्धा में जैविक उत्पाद अधिक खरे उतरते हैं। पवन नैय्यर ने कहा कि रसायनिक खाद के अंधाधुंध इस्तेमाल से जमीन की उर्वरक शक्ति खत्म हो जाती है। कृषि भूमि को धीरे-धीरे रसायनों की लत से मुक्त कर अपने देश में उपलब्ध जैविक खाद का भरपूर उपयोग करनी की नितांत आवश्कता है।  इससे पूर्व विधायक ने कृषि उप निदेशक कार्यालय हरदासपुरा में किसान सलाह केंद्र का शिलान्यास भी किया। इस किसान सलाह केंद्र के निर्माण पर करीब 25 लाख रुपए की राशि खर्च की जाएगी। कृषि उपनिदेशक भोला सिंह ने विधायक को शाल व टोपी पहनाकर और स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित करने की रस्म भी अदा की। इस मौके पर अग्रणी बागबान महाराज कृष्ण बडयाल, टेक चंद, राजेंद्र कुमार, मंडलाध्यक्ष विनोद कुमार, पार्षद धन्नो देवी, भाजपा उपाध्यक्ष जसबीर नागपाल व योगेश शर्मा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App