37 प्रतिशत तक बढ़ाया जाएगा वन आवरण

मंत्री गोविंद सिंह ने पौधारोपण अभियान के दौरान किया ऐलान, 35 लाख रुपए से बनने वाली वाटिका का भी किया शिलान्यास

कुल्लू -वन मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा है कि हिमाचल प्रदेश के वन आवरण को बढ़ाकर 37 प्रतिशत तक पहुंचाने का लक्ष्य तय किया गया है और इस लक्ष्य हो हासिल करने के लिए वन विभाग एक सुनियोजित रणनीति के तहत कार्य कर रहा है। वन मंत्री शनिवार को मनाली के निकट गुलाबा में लगभग 35 लाख रुपए की लागत से बनने वाली प्रकृतिक वाटिका के शिलान्यास और जिला स्तरीय वन महोत्सव के शुभारंभ के बाद जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के कुल क्षेत्रफल में से 66 प्रतिशत वन भूमि है और राज्य का वन आवरण कुल 27.12 प्रतिशत है। प्रदेश का 15,100 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र जंगलों से ढका है। इसमें से 3110 वर्ग किलोमीटर क्षेत्रफल में घने जंगल हैं, जबकि 6705 वर्ग किलोमीटर में कम घने जंगल हैं। 5285 वर्ग किलोमीटर खुले जंगल हैं। वन विभाग इस क्षेत्र को घने जंगलों में बदलने के लिए तेजी से कार्य कर रहा है। इसी कड़ी में 20 से 24 जुलाई तक प्रदेश भर में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत लगभग 9000 हेक्टेयर भूमि पर 25 लाख पौधे लगाए जाएंगे। पिछले वर्ष भी इसी अभियान के तहत लगभग साढ़े 17 लाख पौधे लगाए गए थे, जिनमें से करीब 70 प्रतिशत यानी लगभग 13 लाख पौधे सुरक्षित हैं। पौधों की यह सफलता दर बहुत अच्छी है। वन मंत्री ने बताया कि यह पौधारोपण अभियान सुनियोजित ढंग से चलाया जा रहा है और रोपण के बाद पौधों की रक्षा एवं देखभाल सुनिश्चित करने के लिए आम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। प्रदेश भर में पौधारोपण के लिए लगभग 670 स्थान चिन्हित किए गए हैं और इन स्थानों पर पौधारोपण को पहले ही गड्ढे खोदे गए हैं तथा उचित बाढ़बंदी भी सुनिश्चित की जा रही है। गुलाबा में पकृति वाटिका के निर्माण की चर्चा करते हुए मंत्री ने बताया कि इस वाटिका में विभिन्न प्रजातियों के पेड़ लगाने के साथ-साथ पर्यटकों के लिए कई सुविधाएं मुहैया करवाई जाएंगी। यह वाटिका कारगिल युद्ध के शहीदों को समर्पित की जाएगी, क्योंकि कारगिल युद्ध के समय भारतीय सैनिक गुलाबा के रास्ते ही सरहद के लिए रवाना हुए थे।  इस मौके पर प्रधान मुख्य अरण्यपाल अजय ने प्रदेशव्यापी पौधारोपण अभियान तथा विभाग की विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।

कार्यक्रम में इन्होंने भरी हाजिरी

कार्यक्रम में वन मंत्री की धर्मपत्नी रजनी ठाकुर, भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष धनेश्वरी ठाकुर, वन्य प्राणी विंग की प्रधान मुख्य अरण्यपाल डा. सविता शर्मा, एपीसीसीएफ केएस ठाकुर, ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क के निदेशक अजीत ठाकुर, जायका परियोजना की निदेशक मीरा शर्मा, एसडीएम रमन घरसंगी, डीटीडीओ बीसी नेगी, भाजपा मंडल महामंत्री ठाकुर दास, पंचायत प्रधान सुंदर सिंह और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।