374 हेक्टेयर होंगे हरे-भरे

By: Jul 18th, 2019 12:05 am

नाहन— वन वृत्त नाहन जिला सिरमौर के तहत वन महोत्सव के तहत आमजन सहभागिता के साथ 374 हेक्टेयर वन भूमि पर 218200 पौधे रोपे जाने का लक्ष्य तय कर दिया गया है। वन वृत्त नाहन के तहत इस वर्ष गत वर्ष की तुलना में 110 हेक्टेयर अधिक भूमि रकबे मंे विभिन्न पौधों की स्पीशिज को रोपा जाएगा। वनों की हरित पट्टी को हरा भरा रखने के लक्ष्य के साथ प्रतिवर्ष बरसातों के दौरान किया जाना वाला पौधारोपण इस मर्तबा पांच दिवसीय आयोजन का होगा, जो कि 20 से 24 जुलाई तक आयोजित किया जाएगा। अरण्यपाल नाहन वन वत्त बीएल नेगी ने बताया कि जिला सिरमौर के 42 चिन्हित वन साइट भूमि पर 374 हेक्टेयर वन भूमि पर इस वर्ष प्लांटेशन किया जाना है, जिसमें खास यह होगा कि इस वर्ष टॉल प्लांट यानी की ऊंचाई वाले पौधे अधिक मात्रा में रोपे जाएंगे, जिनका सरवाइवल दर प्रतिशतता सबसे अधिक है। कन्जरवेटर नाहन सर्किल बीएल नेगी ने बताया कि जिला सिरमौर में मनाए जाने वाले वन महोत्सव के तहत इस वर्ष 46 हजार ऊंचाई वाले पौधे जोकि साढ़े चार वर्ष आयु के होंगे रोपे जाएंगे, जिसकी विशेषता है कि इनकी सरवाइवल रेट सबसे अधिक होती है। वहीं 172200 पौधे नार्मल प्लांट रोपे जाने हैं। वन महोत्सव के दौरान चौड़ी पत्तीदार पौधे के अलावा आंवला, बेहड़ा, जामुन, शीशम, नीम, रीठा, बान ओक, कचनार इत्यादि की स्पीशिज शामिल है, जबकि  वन मंडल राजगढ़ में देवदार के पौधे भी रोपे जाएंगे। जिला सिरमौर के सभी चार वन मंडलों में वन महोत्सव के तहत पांच दिवसीय कार्यक्रम के दौरान पौधारोपण किया जाएगा, जिसमंे नाहन वन मंडल के तहत 10 स्थानों पर 1.24 लाख पौधे, पांवटा वन मंडल के पांच स्थानों पर 28400 पौधे, रेणुकाजी वन मंडल के तहत 13 स्थानों पर 42800 पौधे तथा राजगढ़ वन मंडल के तहत 23 हजार पौधों को रोपा जाएगा। जिला सिरमौर के पांवटा साहिब और नाहन वन मंडल मंे प्लांटेशन के बाद सबसे अधिक सरवाइवल रेट प्रतिशतता को आंका गया है। इन वनों में किए प्लांटेशन के बाद 80 प्रतिशत तक सरवाइवल रेट सामने आई है, जिस पर विभाग ने संतोष जाहिर किया है। वहीं वन मंडल रेणुकाजी के संगड़ाह और शिलाई क्षेत्र ड्राई होने के चलते सरवाइवल रेट में बहुत कमी नजर आई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App