अंबर के राडार पर हिमाचल

By: Aug 11th, 2019 12:40 am

भू-स्खलन से 105 सड़कों पर थमे पहिए

शिमला – हिमाचल में हो रही लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित होने लगा है। राज्य में अभी भी 105 मार्ग भू-स्खलन के कारण यातायात के लिए अवरुद्ध पड़े हुए हैं। ऐसे में अगामी दिनोंे के दौरान जारी भारी बारिश के येलो अलर्ट ने लोगों की धुक-धुकी बढ़ा दी है। राज्य में भारी बारिश के चलते हुए लैंड स्लाइड से 105 मार्ग बंद चल रहे हैं। मंडी ज़ोन में सबसे अधिक 47 मार्ग यातायात के लिए अवरुद्ध पडे़ हुए हैं। इसके अलावा शिमला ज़ोन में 33, कांगड़ा में दस और हमीरपुर में 15 मार्गों पर परिवहन सेवा ठप पड़ी हुई है। पीडब्ल्यूडी का दावा है कि अवरुद्ध चल रहे मार्ग जल्द ही वाहनोें की आवाजाही के लिए बहाल कर दिए जाएंगे। भारी बारिश राज्य को अब तक 343 करोड़ की चपत लगा चुकी है। बारिश से पीडब्ल्यूडी को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। राज्य आपदा प्राधिकरण के अनुसार पीडब्ल्यूडी को 223.86 करोड़ का नुकसान  हो चुका है। वहीं, आईपीएच विभाग को 120 करोड़ की चपत लगी है। आगामी दिनों के दौरान नुकसान का आंकड़ा और बढ़ने की उम्मीदें लगाई जा रही हैं।

हमीरपुर-मंडी में कच्चे मकानों को भी नुकसान

बारिश से हमीरपुर व मंडी में कच्चे मकानों को नुकसान पहुंचा है। हमीरपुर में तीन कच्चे मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुए है। वहीं, तीन मकानों को आंशिक नुकसान हुआ है। हमीरपुर में सात गोशालाएं भी क्षतिग्रस्त हुई हैं। मंडी में तीन कच्चे मकानों को आशिंक नुकसान हुआ है। बहरहाल, बारिश ने जनता को दिक्कतों में डाल रखा है।

सबसे ज्यादा भीगा हमीरपुर

शिमला – हिमाचल में मानसून ने रफ्तार पकड़नी शुरू कर दी है। हमीरपुर, बिलासपुर और ऊना में बारिश का आंकड़ा सामान्य से पार हो गया है। मानसून सीजन में अभी तक सबसे ज्यादा बारिश हमीरपुर में रिकॉर्ड की गई है। हमीरपुर में 669.7 मिलीमीटर बारिश आंकी गई है, जो सामान्य से नौ प्रतिशत अधिक रिकॉर्ड की गई है। वहीं, बिलासपुर में सात और ऊना में सामान्य से 18 फीसदी अधिक बारिश हुई है। इसके अलावा राज्य के अन्य क्षेत्रों में सामान्य से कम बारिश आंकी जा रही है। लाहुल-स्पीति में मानसून सीजन के दौरान सबसे कम बारिश हुई है। स्पीति में -69 प्रतिशत कम बारिश हुई है। चंबा में भी मानसून के दौरान बादल कम ही बरसे हैं। चंबा में -62 फीसदी कम बारिश रिकॉर्ड की जा रही है। मौसम विभाग के तहत राज्य के कुछ स्थानों पर भले ही सामान्य से अधिक बारिश हुई है, लेकिन समूचे राज्य में सामान्य से कम बारिश दर्ज की जा रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App