आज चांद की कक्षा में पहुंचेगा चंद्रयान-2

By: Aug 20th, 2019 12:05 am

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) मंगलवार को चंद्रयान-2 चांद की कक्षा में प्रवेश करेगा। सुबह 8ः30 से 9ः30 के बीच चंद्रयान-2 को कड़ी परीक्षा देनी होगी। इसके लिए इसरो वैज्ञानिकों ने पूरी तैयारी कर ली है। सात सितंबर को चंद्रयान-2 चांद के दक्षिणी ध्रुव पर लैंड करेगा। चंद्रयान-2 को 22 जुलाई को श्रीहरिकोटा प्रक्षेपण केंद्र से राकेट बाहुबली के जरिए प्रक्षेपित किया गया था। इससे पहले 14 अगस्त को चंद्रयान-2 को ट्रांस लूनर ऑर्बिट में डाला गया था। यानी वह लंबी कक्षा, जिसमें चलकर चंद्रयान-2 चांद के करीब पहुंच रहा है। चंद्रयान-2 की सेहत और उसके मार्ग की निगरानी इसरो के तीन सेंटर्स कर रहे हैं। ये हैं- मिशन ऑपरेशन कांप्लेक्स, इसरो टेलीमेट्री ट्रैकिंग एंड कमांड नेटवर्क और इंडियन डीप स्पेस नेटवर्क। इसरो वैज्ञानिकों ने बताया है कि चंद्रयान-2 की सेहत अभी ठीक है। इसरो के चेयरमैन डा. के सिवन ने बताया कि चंद्रयान-2 चांद की कक्षा में जाते समय कड़ी परीक्षा से गुजरेगा। चांद की गुरुत्वाकर्षण शक्ति 65000 किमी तक रहता है। ऐसे में चंद्रयान-2 की गति को कम करना पड़ेगा। नहीं तो, चांद की गुरुत्वाकर्षण शक्ति के प्रभाव में आकर वह उससे टकरा भी सकता है। गति कम करने के लिए चंद्रयान-2 के ऑनबोर्ड प्रोपल्शन सिस्टम को थोड़ी देर के लिए चालू किया जाएगा। इस दौरान एक छोटी सी चूक भी यान को अनियंत्रित कर सकती है। यह सिर्फ चंद्रयान-2 के लिए ही नहीं, बल्कि वैज्ञानिकों के लिए भी परीक्षा की घड़ी होगी। चंद्रयान-2 चांद की कक्षा में प्रवेश करने के बाद 31 अगस्त तक चंद्रमा के चारों ओर चक्कर लगाता रहेगा। इस दौरान एक बार फिर कक्षा में बदलाव किया जाएगा। चंद्रयान-2 को चांद की सबसे करीबी कक्षा तक पहुंचाने के लिए चार बार कक्षा बदली जाएगी।

चांद से न टकराए, इसलिए गति की जाएगी कम

चांद की गुरुत्वाकर्षण शक्ति का प्रभाव 65,000 किलोमीटर तक है। यानी चांद से इस दूरी तक आने वाले किसी भी वस्तु को चांद अपनी ओर खींच सकता है। मंगलवार को यानी 20 अगस्त को चंद्रयान-2, चांद से 65,000 किमी की दूरी करीब 150 किलोमीटर दूर होगा, तब इसरो चंद्रयान-2 की गति को कम करना शुरू करेगा। इससे वह चांद की गुरुत्वाकर्षण शक्ति के से संघर्ष करते हुए चांद की कक्षा में प्रवेश करेगा।  


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App