आपदा ग्रस्त परिवारों को दिए 13.71 लाख

By: Aug 25th, 2019 12:02 am

घुमारवीं –घुमारवीं चुनाव क्षेत्र की कसारू पंचायत के कठलग (करयालग) में भू-स्खलन से बेघर हुए सात परिवारों को विधायक राजेंद्र गर्ग ने 13.71 लाख रुपए की राशि वितरित की। शनिवार को विधायक ने पीडि़त सात परिवारों को दस लाख 91 हजार रुपए की राशि के चेक सौंपे। जबकि इससे पहले सरकार की ओर से पीडि़त परिवारों को दो लाख 80 हजार रुपए की राशि फौरी राहत के तौर पर पहले ही मिल चुकी है। विधायक ने आपदा ग्रस्त सात परिवारों को गृहिणी सुविधा योजना के तहत फ्री गैस कनेक्शन भी आबंटित किए। विधायक राजेंद्र गर्ग ने शनिवार को आपदा ग्रस्त परिवारों में शामिल श्याम लाल को एक लाख 63 हजार, 900 रुपए, जयदेई को एक लाख 21 हजार, 900 रुपए, रणजीत सिंह को 2,53, 800 रुपए, नंद लाल को 2, 97, 800 रुपए, सुखदेई को 1,51,900 रुपए, बलवंत सिंह को 2,69,000 हजार रुपए तथा विमला देवी को 1,11,900 रुपए के चैक वितरित किए। इस मौके पर विधायक राजेंद्र गर्ग ने कहा कि आपदा परिवारों के साथ शासन व प्रशासन अडि़ग खड़ा है। सरकार की ओर से पीडि़त परिवारों को हर संभव मदद की जाएगी। प्रशासन सहित सभी विभागों को आपदा ग्रस्त परिवारों को सरकार की चलाई जा रही योजनाएं को सबसे पहले प्रभावित परिवारों तक पहुंचाने के निर्देश जारी कर दिए हैं। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर स्वयं आपदा से ग्रस्त परिवारों की पल-पल जानकारी ले रहे हैं। मुख्यमंत्री ने भी पीडि़त परिवारों के प्रति संवेदनाएं प्रकट की है तथा सरकार की ओर से हर संभव मदद देने का आश्वासन दिया है। उन्होंने बताया कि आपदा से प्रभावित परिवारों को किसी भी प्रकार की समस्या आने नहीं दी जा रही है। स्थानीय लोग, स्वयंसेवी संस्थाएं तथा अन्य संस्थाएं प्रभावित परिवारों को आश्रय देने के लिए आगे आई है। इनके रहने का उचित प्रबंध किया गया है। प्रभावित परिवारों की सुविधा के लिए भोजन, बिजली, पानी व शौचालय सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई है। जानकारी के मुताबिक बीती 18 अगस्त को  घुमारवीं में कठलग के गांव करयालग में हुई भारी वर्षा से हुए भू-स्खलन के कारण क्षेत्र के सात परिवारों के दस मकान व छह गोशालाएं पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए थे। जबकि भू-स्खलन के कारण सैकड़ों बीघा भूमि तबाह हो गई है। स्थानीय लोगों की मदद से प्रशासन ने आपदा से पीडि़त परिवारों के लिए करयालग गांव के बाबा बालक नाथ मंदिर में ठहराया है। जहां पर उनके रहने तथा खाने-पीने की व्यवस्था की है। पीडि़त परिवारों की मदद को कई सेवा संगठन आगे आ रहे हैं। इस अवसर पर एसडीएम शशिपाल शर्मा सहित काफी संख्या में लोग उपस्थित थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App