इस बार राखी बांधने को नहीं करना होगा मुहूर्त का इंतजार

By: Aug 13th, 2019 12:15 am

नालागढ़ –स्वतंत्रता दिवस के साथ भाई-बहन के प्यार का पर्व रक्षाबंधन पर्व मनाया जाएगा। ज्योतिषाचार्यों के मुताबिक इस बार रक्षाबंधन पर भद्रा नहीं है, इसलिए पूरा दिन राखी बांधने के लिए शुभ रहेगा और राखी बांधने के लिए लोगों को इंतजार नहीं करना पड़ेगा, क्योंकि रक्षाबंधन पर्व पर कई ऐसे संयोग बन रहे हैं, जिससे इस पर्व का महत्त्व और बढ़ गया है। रक्षाबंधन से चार दिन पहले रविवार को गुरु मार्गी होकर सीधी चाल चलेंगे और रक्षाबंधन पर लगभग 13 घंटे तक शुभ मुहूर्त बना रहेगा, जबकि दोपहर माह में 15 अगस्त के दिन चंद्र प्रधान श्रवण नक्षत्र में स्वतंत्रता दिवस और रक्षाबंधन का संयोग एक साथ बन रहा है। इस बार बहनों को भाई की कलाई पर प्यार की डोर बांधने के लिए मुहूर्त का इंतजार नहीं करना पड़ेगा और राखी बांधने के लिए काफी लंबा मुहूर्त मिलेगा। 15 अगस्त की सुबह पांच बजकर 49 मिनट से शाम छह बजकर एक मिनट तक राखी बांध सकेंगी। राखी बांधने के लिए 12 घंटे 58 मिनट का समय मिलेगा। शुभ मुहूर्त दोपहर में साढ़े तीन घंटे रहेगा। उन्होंने बताया कि इस बार 19 साल बाद रक्षाबंधन और स्वतंत्रता दिवस एक साथ मनाया जाएगा। चंद्र प्रधान श्रवण नक्षत्र का संयोग बहुत ख़ास रहेगा। सुबह से ही सिद्धि योग बनेगा, जिसके चलते पर्व की महत्ता और अधिक बढ़ेगी। इसी दिन योगी अरविंद जयंती, मदर टेरेसा जयंती और संस्कृत दिवस भी मनाया जाएगा।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App