एनएच-पांच पर भू-स्खलन ने रोके गाडि़यों के पहिए

By: Aug 21st, 2019 12:21 am

बड़ोग बाइपास पर स्कूल के पास मार्ग पर गिरा मलबा, वाया बड़ोग बहाल किया ट्रैफिक

धर्मपुर -कालका-शिमला नेशनल हाई-वे पांच पर मंगलवार को मौसम के साफ होने के बावजूद पहाडि़यों से मलबा व पत्थर गिरे है। मंगलवार को सुबह बड़ोग बाइपास पर स्कूल के समीप भारी मात्रा में भू-स्खलन होने से मार्ग बाधित हो गया। भू-स्खलन के कारण बड़ोग बाइपास करीब आधा घंटा तक बाधित रहा। भारी मात्रा में भू-स्खलन के बाद नेशनल हाई-वे से गुजरने वाले सभी वाहनों को वाया बड़ोग भेजा गया। बड़ोग बाइपास पर भू-स्खलन का पता चलते ही धर्मपुर पुलिस थाना व जीआर इंफ्रास्ट्रक्चर की टीम मौके पर पहुंच गई और करीब आधे घंटे के बाद सड़क से मलबा हटा वन-वे ट्रैफिक चलाया गया। बताया जा रहा है कि सुबह आठ बजे कुमारहट्टी-सोलन बाइपास पर भू-स्खलन हो गया। भू-स्खलन के कारण दोनों ओर वाहनों की आधा घंटा तक कतारें लगी रही। बता दें कि जिला भर में मंगलवार को मौसम साफ रहा और तेज धूप निकली। हालांकि हाई-वे पर लोगों का सफर जोखिम भरा ही रहा। परवाणू से लेकर सोलन(चंबाघाट) तक बन रहे फोरलेन के लिए काटे गए पहाड़ों से मलबा व पत्थर सड़क पर गिरता रहा। गौरतलब हो कि शनिवार व रविवार को हुई मूसलाधार बारिश के कारण लोगों को काफी नुकसान झेलना पड़ा रहा है। वहीं हाई-वे कई जगह पहाडि़यां दरकने के मामले सामने आए है।

कुमारहट्टी में बने दलदल से परेशान वाहन चालक

हाई-वे पर कुमारहट्टी चौक पर बने दलदल से लोग परेशान हो चुके है। कई बार यहां दोपहिया वाहन फिसलकर गिरे है और दलदल में फंस जाते है। वहीं, इन दिनों चले सेब सीजन के चलते बड़े वाहन भी बने दलदल में फंसे है। बता दे कि कुमारहट्टी में फ्लाईओवर निर्माण को लेकर सड़क का लेबल कम किया है। इसको लेकर कई बार यहां जाम की स्थिति बन जाती है लेकिन जिला प्रशासन ने बरसात और सेब सीजन को देखते कार्य को रुकवाया गया है।

स्कूल की पहाड़ी से भी लगातार गिर रहे पत्थर

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक राजड़ी (जाबली) की पहाड़ी से भी बीते दिनों से मलबा व पत्थर गिर रहे है। हालांकि भू-स्खलन को देखते हुए पहाड़ी को तरपाल से ढका गया है। इसके बावजूद मिट्टी व पत्थर सड़क पर गिर रहे है। इसके चलते पर स्कूल बिल्डिंग को खतरा मंडराया हुआ है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App