ओलंपिक टेस्ट इवेंट में भारत चैंपियन

By: Aug 22nd, 2019 12:06 am

फाइनल में पुरुष हाकी टीम ने न्यूजीलैंड, महिलाओं ने मेजबान जापान को हरा दोनों खिताबों पर जमाया कब्जाया

टोक्यो – भारतीय पुरुष हाकी टीम के नक्शेकदम पर चलते हुए भारतीय महिला हाकी टीम ने भी ओलंपिक टेस्ट इवेंट का खिताब अपने नाम कर लिया। भारतीय पुरुष हाकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को बुधवार सुबह 5-0 से पराजित कर ओलंपिक टेस्ट इवेंट जीत लिया। ओई हॉकी स्टेडियम में खेले गए फाइनल में भारत की जीत में कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने सातवें, शमशेर सिंह ने 18वें, नीलकांत शर्मा ने 22वें, गुरसाहिबजीत सिंह ने 26वें और मनदीप सिंह ने 27वें मिनट में गोल किया। इसके बाद बुधवार शाम भारत और मेजबान जापान के बीच खेले गए फाइनल मुकाबले में भारतीय महिलाओं ने जापान को 2-1 के अंतर से मात दी। मैच के 11वें मिनट में नवजोत ने गोल कर भारत को 1-0 से आगे कर दिया, लेकिन इसके एक मिनट बाद 12वें मिनट में जापान ने जवाबी हमला करते हुए गोल करने में सफल रहा। इस तरह पहले क्वार्टर का अंत 1-1 की बराबरी के साथ हुआ। तीसरे क्वार्टर के समाप्त होने से चार मिनट पहले 19 वर्षीय लालरेमसियामी ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील करके भारत को 2-1 से आगे कर दिया और भारत ने अंत में मैच 2-1 के अंतर से जीत लिया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App