कल विधानसभा का घेराव

By: Aug 25th, 2019 12:02 am

सरकार की जनविरोधी नीतियों की खिलाफत करेगी युकां

शिमला -प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ कांगे्रस का युवा संगठन विधानसभा का घेराव करेगा। युवा कांग्रेस के जरिए संगठन ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने की रणनीति बनाई है। सोमवार को प्रदेश भर से युवा कांग्रेस कार्यकर्ता शिमला में जुटेंगे और सदन के बाहर धरना-प्रदर्शन होगा। यह ऐलान शनिवार को युवा कांग्रेस के अध्यक्ष मनीष ठाकुर ने पत्रकार वार्ता में किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार युवाओं के साथ अन्याय कर रही है। युवाओं को महंगी शिक्षा मिल रही है। युवाओं से कई वायदे चुनाव से पूर्व किए गए थे जिन्हें पूरा नहीं किया गया, बल्कि उन पर बोझ लादा जा रहा है। प्रदेश के लोगों को महंगाई से निजात नहीं मिली है। यहां पर सरकार धारा 118 के साथ छेड़छाड़ की कोशिश में है और ऐसा होता है तो हिमाचल के हित बिकेंगे, जिसे किसी भी सूरत में सहन नहीं किया जाएगा। प्रदेश सरकार अपने विरोधी दल के नेताओं के खिलाफ राजनीतिक द्वेष की भावना से काम कर रही है। नेताओं पर झूठे मुकदमें बनाए जा रहे हैं और प्रताडि़त करने का काम चल रहा है। इसके अलावा बाहरी लोगों को यहां पर नौकरी में तरजीह दी जा रही है, जबकि प्रदेश में बेरोजगारों की कतार बढ़ रही है। मनीष ने कहा कि प्रदेश में निवेश लाने के लिए सरकार बड़े-बड़े दावे कर रही है, लेकिन यह सच्चाई से परे है। सरकार जनता को बताए कि यहां पर उसने कितना निवेश जुटा लिया है। इस पर श्वेतपत्र लाया जाए कि अभी तक कितने निवेश के लिए एमओयू हो चुके हैं। बार-बार इन्वेस्टर मीट की बात कही जा रही है और इसे खिसकाया जा रहा है, जिसके पीछे क्या माजरा है, यह सरकार जनता को बताए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App