कसोल की रेव पार्टी में पुलिस का छापा

By: Aug 17th, 2019 12:01 am

खाकी ने आधी रात को नशे में डीजे की धुनों पर थिरक रहे कई सैलानी दबोचे

कुल्लू  – मिनी इजरायल कहे जाने वाले प्रसिद्ध पर्यटन स्थल कसोल के जंगल में लंबे समय से रेव पार्टी का सिलसिला चला हुआ है। इसी कड़ी में यहां रेव पार्टी करने वालों पर भी पुलिस का डंडा आखिर लंबे समय बाद चल ही पड़ा। जानकारी के अनुसार बुधवार रात कसोल में एक रेव पार्टी का आयोजन किया गया। वहां पर विभिन्न देशों के लगभग 200 सैलानी जमा हुए थे। आधी रात को पुलिस ने रेड मारी। एसपी गौरव सिंह ने बताया कि बुधवार देर रात लगभग 11ः30 बजे पुलिस की विशेष टीम कसोल में मौजूद थी। इसी दौरान सूचना मिलने के बाद कसोल से चोज जाने वाले पैदल रास्ते में आगे जंगल के बीचोंबीच रेव पार्टी का आयोजन हो रहा था। टीम को यह भी जानकारी मिली कि इस पार्टी का आयोजन छलाल कसोल निवासी प्रताप सिंह  की ओर से करवाया जा रहा था, जो कि इसे बिना किसी अनुमति के अवैध रूप से करवा रहा है।  रेव पार्टी में बड़ी संख्या में विदेशी सैलानियों के इकट्ठा होने की भी जानकारी मिली थी। यहां यह भी जानकारी मिली थी कि इस पार्टी में बिना अनुमति के तेज आवाज में डीजे बज रहा है और हर प्रकार के नशीले पदार्थों का भी सेवन हो रहा है। एसपी गौरव सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही विशेष टीम को मौके पर भेज दी। उन्होंने बताया कि लगभग अढ़ाई घंटे पैदल चलने के बाद टीम 2ः30 बजे गुरुवार मौके पर पहुंची तो मौके पर पाया कि लगभग 200 से ज्यादा सैलानी जंगल के बीचोंबीच डीजे की धुनों पर थिरकते हुए जमकर नाच रहे थे। जैसे ही सैलानियों ने पुलिस को देखा तो पार्टी में भगदड़ मच गई। एसपी के मुताबिक कुछ सैलानियों को पकड़ कर पूछताछ के लिए लाया गया है। जबकि बहुत से लोग स्थल से भाग गए। एसपी गौरव सिंह के मुताबिक पार्टी स्थल सुनसान तथा जंगल के रास्ते में  होने के कारण किसी के पीछे भागना या उसको पकड़ना नुकसानदायक भी था। उन्होंने बताया कि डीजे चलाने वाले व्यक्ति से पूछताछ की गई तो उसकी पहचान प्रताप सिंह छलाल कसोल निवासी के रूप में हुई है।

मौके से यह सामान मिला

पुलिस ने मौके से दो लैपटॉप, एक जेनरेटर, चार स्पीकर, एक एंप्लीफायर व एक कंट्रोलर बरामद किया है। इसके अलावा नशीले पदार्थ टैबलेट्स व कैप्सूल्स भी जब्त किए गए हैं। एसपी ने बताया कि आरोपी प्रताप सिंह को मामला दर्ज करके गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे पूछताछ़ जारी है। फोरेंसिक लैब की रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई होगी।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App