गंभर ब्रिज पर सरकार की खुली पोल

By: Aug 31st, 2019 12:18 am

पुराने पुलों की मियाद और गुणवत्ता जांचने पहुंची गाड़ी ऐन मौके पर हुई खराब, चालू करते ही घूमा ट्राला

कुनिहार(सोलन) –प्रदेश की मुख्य सड़कों पर निर्मित पुराने पुलों की मियाद व गुणवता की परख करने वाला सरकारी वाहन स्वयं ही गंभरपुल पर बीमार हो गया तथा कई घंटों तक लोग व वाहन चालक परेशान हो गए। पुराने पुलों की पुरानी मशीनरी से हो रही जांच स्वयं ही जांच के घेरे में आ गई है। शिमला से भेजी गई सरकारी मशीनरी के बीच पुल पर हांफ जाने के कारण विभागीय कार्यप्रणाली संदेह के घेरे में आ गई है। यह घटना शुक्रवार को सोलन जिला के कुनिहार-नालागढ़ मार्ग पर कूनी पुल व गंभर पुलों की भार क्षमता की जांच करने आई सरकारी मशीनरी से जुड़ी हैं। लोक निर्माण विभाग द्वारा उक्त दोनों पुलों की वर्तमान समय में भार सहने की क्षमता की जांच करने के लिए भारी मशीनरी को पुल पर खड़ा किया गया था। इन पुलों का निर्माण कई दशकों पूर्व किया गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जैसे ही इस मशीनरी को चालू किया  गया तो उसका वजन ट्राला सहन नहीं कर सका तथा एक ओर झुक गया। ट्राले के दोनों टायर हवा में उठ गए। कयास लगाए  जा रहे है कि मशीन के पुर्जों में तकनीकी खराबी के कारण या पुरानी मशीन के कारण यह घटना घटी। जानकारी के अनुसार पुलों की क्षमता की जांच के लिए आठ सदस्सीय इंजिनियर व तकनीकी स्टाफ हैदराबाद से यहां पहुंचा है। विशेषज्ञों की यह टीम अपने उपकरणों को पुल पर निरीक्षण के लिए अभी लगा ही रही थे कि यह वाहन एक ओर झुक गया। विभाग ने हालांकि दो घंटे के लिए इस पुल पर यातायात   को रोकने के निर्देश दिए थे लेकिन इस आपाधापी में चार घंटे से भी अधिक का समय व्यतीत हो गया। सैकड़ों वाहनों की लंबी कतारें भी लग गई तथा वाहनों में बैठे छोटे बच्चे, महिलाएं व रोगी भी परेशान होते दिखाई दिए। लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता रवि कपूर ने कहा कि तकनीकी खराबी के कारण यह परेशानी हुई है तथा अब मशीनरी की मरम्मत करवा कर शनिवार को गंभरपुल(नालागढ़ रोड) पर प्रातः 10 बजे से 1 बजे तक तथा कुनी पुल पर दोपहर 2 बजे से पांच बजे तक यातायात रोका जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App