चंडीगढ़ में डूबती के लिए फरिश्ता बने मंडी के युवक

By: Aug 26th, 2019 12:05 am

मंडी -मंडी जिला के दो साहसी युवकों ने चंडीगढ़ में एक महिला को डूबने से बचाया है। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही इन दोनों युवकों ने झील में डूब रही महिला को सुरक्षित बाहर निकाल दिया। यह दोनों युवक राकेश राणा और हेम ठाकुर मंडी जिला के जोगिंद्रनगर उपमंडल की ग्राम पंचायत त्रयाम्बली के रहने वाले हैं और चंडीगढ़ में प्राईवेट जॉब करते हैं। राकेश राणा ने बताया कि वह अपने मित्र हेम ठाकुर के साथ रोजाना की तरह शुक्रवार को भी सुबह की सैर के लिए धनास झील के किनारे गए हुए थे। इसी बीच झील के दूसरी तरफ से एक महिला अचानक झील में डूब गई। झील किनारे दलदल था। ऐसे में राकेश राणा ने साहस दिखाते हुए झील के किनारे वाली झाडि़यों का सहारा लेकर पानी में उतरने की कोशिश की। इतने में हेम ठाकुर ने राकेश को सहारा देकर उसकी मदद की। इसके बाद एक बांस की मदद से उन्होंने महिला को बचा लिया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App