चंद्रयान-2 ने भेजी चांद की पहली तस्वीर

By: Aug 23rd, 2019 12:05 am

2650 किलोमीटर की ऊंचाई से ऐसा नजर आया चंद्रमा

नई दिल्ली – चंद्रयान-2 चांद की कक्षा में सफलता पूर्वक प्रवेश कर चुका है और इस बारे में जानकारी देते हुए बीते 20 अगस्त को इसरो की ओर से जानकारी दी गई थी कि चंद्रयान-2 मिशन की सफलता की दिशा में एक अहम पड़ाव को पार कर लिया है। अब इसरो की ओर से एक तस्वीर शेयर की गई है जो चंद्रमा की तस्वीर है। दरअसल चांद की कक्षा में चंद्रयान-2 के दाखिल होने के बाद इसके कैमरे ने चांद की पहली तस्वीर ली है और इसरो ने इस बारे में जानकारी देते हुए फोटो शेयर किया है। इस बारे में ट्वीट के जरिए जानकारी देते हुए इसरो ने कहा कि 21 अगस्त, 2019 को चांद की सतह से लगभग 2650 किमी की ऊंचाई पर हैश चंद्रयान 2 हैश विक्रमलैंडर की मदद से ली गई चंद्रमा की पहली तस्वीर। फोटो में ओरिएंटेल बेसिन और अपोलो क्रेटर्स मिशन की लोकेशन देखी जा सकती है। गौरतलब है कि अपोलो मिशन के तहत ही अमरीकी अंतरिक्ष एजेंसी ने अपने अंतरिक्ष यात्री नील आर्म स्ट्रांग और उनके अन्य साथियों को चंद्रमा की सतह पर भेजा था। नील आर्म स्ट्रांग चांद की सतह पर कदम रखने वाले पहले इंसान बने थे। चंद्रयान-2 के तहत भारत ने अपना एक रोवर चांद की सतह पर उतारने की योजना बनाई है। अब तक यह मिशन बिलकुल सही दिशा में आगे बढ़ रहा है और सफलता से सिर्फ एक कदम की दूरी पर है। चांद की कक्षा में प्रवेश कराने के अहम मैनुवर को अंजाम देने के बाद अब चंद्रयान-2 के रोवर को चांद की सतह पर उतारने की प्रक्रिया को अंजाम दिया जाना है।

इसरो प्रमुख सिवन को अब्दुल कलाम पुरस्कार

चेन्नई – तमिलनाडु सरकार ने भारतीय अंतरिक्ष शोध  संस्थान (इसरो) के अध्यक्ष डा. के. सिवन को गुरुवार को डा. एपीजे अब्दुल कलाम पुरस्कार से सम्मानित किया। गत 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर डा. सिवन को यह पुरस्कार दिए जाने की घोषणा की गई थी, लेकिन जब वह मौजूद नहीं हो सके थे। मुख्यमंत्री ईके पलानीस्वामी ने राज्य सचिवालय में उन्हें पुरस्कार के रूप में स्वर्णपदक और प्रमाणपत्र सौंपा। कन्याकुमारी जिला के निवासी एवं ‘राकेटमैन’ के नाम से लोकप्रिय डा. शिवान की अगवाई में चंद्रयान-2 का प्रक्षेपण किया गया था। इससे पहले डा. सिवन ने हवाई अड्डे पर संवाददाताओं से कहा कि चंद्रयान-2 सात सितंबर को 01ः55 बजे चंद्रमा के ‘साउथ पोल’ में को उतरेगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App