चूड़धार के जंगल में भटके पांच नौजवान

By: Aug 11th, 2019 12:40 am

नौहराधार – जिला सिरमौर की सबसे ऊंची चोटी व आराध्य देव शिरगुल महाराज के दर्शन को निकले हरियाणा के दो लड़के व हिमाचल के तीन व्यक्ति रास्ता भटक जाने से दो दिन से लापता हो गए। कुछ लोगों की टोली गुरुवार को चूड़धार यात्रा के लिए निकली थी, जिसमें चार लोग शुक्रवार को वापस नौहराधार निकल गए, लेकिन पांच लोग शुक्रवार को रास्ता भटक गए। इनमें से दो लड़के शनिवार दोपहर करीब 12 बजे मिल गए, जबकि तीन युवक शाम को मिले। इन युवकों को ढूंढने के लिए नौहराधार से पुलिस के जवान शुक्रवार को रात से ही रेस्क्यू अभियान में जुट गए हैं। जानकारी के अनुसार पांच लड़के आठ अगस्त गुरुवार को नौहराधार से चूड़धार के लिए निकले। शुक्रवार को ये पांचों लोग वापस नौहराधार के लिए निकले। करीब दस बजे सुबह यह तीसरी नामक स्थान पर ढाबे में चाय पीने के लिए रुके। चाय पीकर तीन लोग आगे निकले, लेकिन पांच लड़के विशाल, दीपक हरियाणा निवासी व कर्मवीर डोगरा कोटगढ़, रजनी कुमार कांगड़ा व ओम प्रकाश नैनाटिक्कर निवासी रुक गए। ये पांचों युवक अलग-अलग टोली में यात्रा करने निकले थे। जब लड़के नौहराधार नहीं पहुंचे, तो इनके साथियों ने उन्हें फोन करना चाहा, लेकिन नेटवर्क न होने के कारण उनसे बात नहीं हो सकी। देर शाम इनका फोन इन्हें आया और उन्होंने रास्ता भटकने की सूचना दी। इन्होंने पुलिस चौकी में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। रात को पुलिस के जवान जंगल की ओर निकल गए। जंगल का चप्पा-चप्पा छानने पर इनका रात भर कोई पता नहीं चल पाया। शनिवार को फोन के माध्यम से विशाल, दीपक को ट्रेस कर लिया और नौहराधार सही सलामत पहुंचाए। तीन अन्य लोगों की लोकेशन का भी शनिवार शाम को पता लग पाया है। दीपक व विशाल ने बताया कि हम लोग रास्ते से गलत दिशा की ओर निकल गए। ये लोग बारिश में रात भर बाहर ठिठुरते रहे। इनके पास खाने-पीने का कोई इंतजाम नहीं था। पानी पीकर ही गुजारा किया। बता दें कि सावन माह होने के कारण बड़ी संख्या में श्रद्धालु चोटी पर पहुंच रहे हैं। धुंध के चलते श्रद्धालु रास्ता भटक जाते हैं। बता दें कि श्रुति भी सावन के महीने में ही लापता हुई थी, जिसके चार माह बाद कंकाल ही मिला था। डीएसपी अनिल धौलटा ने बताया कि दो लोग हरियाणा व तीन लड़के हिमाचल के चूड़धार के जंगल से लोकेशन के आधार पर मिल गए हैं। सभी लोग कुशलपूर्वक हैं। दो महीने के भीतर यह चौथा मामला है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App