चौपाल का विकास भाजपा की देन 

By: Aug 13th, 2019 12:15 am

चौपाल -भारतीय जनता पार्टी के जिला उपाध्यक्ष विनोद झगटा ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के आशीर्वाद व स्थानीय विधायक बलवीर सिंह वर्मा के निरंतर प्रयासों से दो वर्षों के कार्यकाल में अद्भुत विकास हुआ है। भाजपा उपाध्यक्ष ने कहा कि भाजपा के शासनकाल में चौपाल निर्वाचन क्षेत्र में कुपवी से लेकर छैला तक समान विकास हो रहा है। भारतीय जनता पार्टी द्वारा चौपाल के भीतर किया जा रहा यह विकास कांग्रेस के गले नही उतर रहा है, इसी लिए कांग्रेस के नेतागण चौपाल की अनदेखी का रोना रो रहे है। झगटा ने दिव्य हिमाचल से हुई विशेष बातचीत में कहा कि बलवीर सिंह वर्मा के नेतृत्व में चौपाल विधानसभा क्षेत्र के भीतर सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा व बिजली के क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हुआ है। चंद वर्ष पूर्व चौपाल को राजधानी से जोड़ने वाली मुख्य सड़क की हालत यह थी कि कोई भी चालक व आम आदमी इस सड़क मार्ग पर जाने से कतराने लग जाता था। एक ओर  देहा से चौपाल तक व दूसरी ओर  नेरवा से रोनहाट तक सड़क में गड्ढे ही गड्ढे पड़े होते थे और आज  मुख्य सड़क सहित सभी सम्पर्क मार्ग पक्के हो चुके है। चौपाल, नेरवा अस्पतालों के अतिरिक्त शिक्षा खंड चौपाल के अधिकतर स्कूलों में  बिल्डिंगों का निर्माण कार्य जोरों से चला है। जिला उपाध्यक्ष झगटा ने कहा कि जो लोग विधायक पर विकास को लेकर टिप्पणी कर रहे हैं, उन्हें पहले अपने गिरेबान में झांक कर देख लेना चाहिए। बकौल झगटा लंबे अंतराल के बाद चौपाल विधानसभा क्षेत्र को ऐसा विधायक मिला है जो हर समय क्षेत्र के विकास के लिए चिंतित रहता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में हुए विकास का श्रेय मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व विधायक बलवीर सिंह वर्मा को जाता है। 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App