जयराम कैबिनेट की रिशफ्लिंग का स्कैच तैयार

By: Aug 11th, 2019 12:40 am

मुख्यमंत्री ने संभावित फेरबदल को लेकर आलाकमान के बाद नड्डा-शांता से की चर्चा

शिमला – जयराम सरकार के मंत्रिमंडल के फेरबदल को लेकर सियासी बिसात बिछ गई है। आलाकमान से चर्चा के बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अपनी नई कैबिनेट का स्कैच तैयार कर लिया है। पिछले सप्ताह भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा से चर्चा कर लौटे मुख्यमंत्री ने पार्टी के वरिष्ठ नेता शांता कुमार से भी ओकओवर में संभावित बदलाव पर उन्हें विश्वास में लिया है। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने संगठन के प्रमुख नेताओं को भी इस बारे अवगत करा दिया है। पुख्ता सूचना के अनुसार जयराम सरकार के मंत्रिमंडल का किसी भी समय फेरबदल संभव है। दिल्ली में नड्डा से मुलाकात के बाद लौटे मुख्यमंत्री ने फेरबदल का पूरा मन बना लिया था। इसी बीच पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा की वरिष्ठ नेत्री सुषमा स्वराज के आकस्मिक निधन से मंत्रिमंडल के फेरबदल की संभावना क्षणिक समाप्त हो गई। अब चर्चा है कि मुख्यमंत्री किसी भी समय मंत्रिमंडल में फेरबदल कर सकते हैं। इस बदलाव के दौरान कैबिनेट में एक नए चेहरे को शामिल किए जाने की प्रबल संभावना है। इसके लिए नूरपुर के विधायक राकेश पठानिया की प्रबल दावेदारी है। हालांकि मंत्रिपद के तलबगारों में भटियात के विधायक विक्रम जरयाल, पार्टी के वरिष्ठ नेता ज्वालामुखी के विधायक रमेश धवाला तथा विधानसभा अध्यक्ष राजीव बिंदल का नाम शामिल है। इसके अलावा पूर्व ऊर्जा मंत्री अनिल शर्मा के स्थान पर केबिनेट में जगह पाने के लिए मंडी के कई दावेदार रेस में बने हुए हैं। मंत्रिमंडल के इस नए बदलाव में सबकी निगाहें नए मंत्री की बजाय फेरबदल पर टिकी हैं। चर्चा हैं कि जयराम सरकार के दिग्गज मंत्रियों से विवादित महकमे वापिस लिए जा सकते हैं। टॉप टू वॉटम रिशफ्लिंग की जद में कांगड़ा तथा मंडी संसदीय क्षेत्र के मंत्री आ सकते हैं। संगठन तथा विभागों से मिले इनपुट के आधार पर जिन महकमों में गड़बड़ी की  बू आने लगी है, उन पर सीधा नियंत्रण मुख्यमंत्री का हो सकता है। इसके अलावा  बैड परफॉर्मेंस के चलते हाशिए पर आए विभागों की कमान सीएम खुद अपने हाथ में लेने की तैयारी में हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App