डमाह कनोग स्कूल की सुरक्षा दीवार ढही

By: Aug 20th, 2019 12:20 am

नौहराधार -क्षेत्र में भारी बारिश से जन जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है, जिससे घरों व स्कूलों की सुरक्षा दीवारें ढह गई हैं। विगत शनिवार रात को बारिश ने ऐसा कहर बरपाया कि चाढ़ना पंचायत के डमाह कनोग स्कूल के पीछे की सुरक्षा दीवार गिरने से एमडीएम का रसोई घर व खेल मैदान पूरी तरह से ढह गया। गनीमत यह रही कि रविवार के दिन स्कूलों में अवकाश था, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया। जहां से यह सुरक्षा दीवार गिरी है वहां पर पीछे बाला दत्त शर्मा के मकान को भी खतरा पैदा हो गया है। अब बाला दत्त शर्मा का परिवार अपने आपको असुरक्षित महसूस कर रहा है। नौहराधार में चंद्र सिंह के घर के पीछे व आगे से डंगे ढहने से घर मंे दरारें आ गई हैं। शौचालय पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुका है। इन लोगों ने अपना घर छोड़ दिया है। यह सुरक्षित जगह चले गए हैं। चाढ़ना पंचायत के चुनवी में रमेश सूर्या व बिट्टू सूर्या की गोशालाएं ढह गई हैं। राजेश ठाकुर के करीब 40 सेब के पेड़ टूट गए हैं। इसी तरह नौहराधार में उलाना के जागर सिंह के घर को खतरा पैदा हो गया है। घर के आगे से सुरक्षा दीवार गिर गई है। इस बारिश ने क्षेत्र में भारी तबाही मचा दी है।  कई घरों के आगे सुरक्षा दीवारें गिर गई हैं, जिससे कई ग्रामीणों ने अपने घरों को खाली कर दिया है। लोग दूसरे के घरों में शरण ले रहे हैं। इस बारिश से जिला के 24 मुख्य मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं, जिसमंे अकेले संगड़ाह मंडल के 12 मुख्य मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं। कई सड़कें इस कद्र क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं कि इसे बहाल करने में विभाग को कड़ी मशक्कत करनी पड़ेगी। संगड़ाह मंडल की सभी मुख्य सड़कों पर सोमवार को भी वाहन नहीं दौड़े। बसें अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच पाई। आपातकालीन की सभी सेवाएं ठप हो गई हैं। मरीजों को उठाकर अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। 48 घंटे बाद भी मुख्य सड़कें बहाल नहीं हो पाई हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App