‘डांस हिमाचल डांस’ का धमाकेदार आगाज़

By: Aug 31st, 2019 12:07 am

चंबा – ‘दिव्य हिमाचल मीडिया ग्रुप’ के लोकप्रिय इवेंट ‘डांस हिमाचल डांस’ सीजन सात का शुक्रवार को चंबा जिला मुख्यालय से धमाकेदार आगाज़ हो गया। चंबा के जिला मुख्यालय में ‘डांस हिमाचल डांस’ के ऑडिशन नगर परिषद के जंजघर में हुए। ऑडिशन में प्रतिभागियों ने दमदार प्रस्तुतियां देकर निर्णायक मंडल सहित उपस्थित जनसमूह का दिल जीतते हुए खूब तालियां बटोरीं।  युवाओं की प्रस्तुतियों को देखकर हॉल में मौजूद अभिभावक व दर्शक खुद को तालियां बजाने से रोक नहीं पाए। ऑडिशन सुबह 11ः30 बजे से शुरू होकर देर शाम चार बजे तक जारी रहा। मंगलवार को चंबा ऑडिशन में कुल 42 प्रतिभागियों ने दमदार प्रस्तुतियां दीं। ऑडिशन के दौरान दिलबर- दिलबर, ओ शराबी जैस गीतों पर प्रतिभागी बेहतरीन प्रस्तुतियां देते नजर आए। मीडिया ग्रुप के लोकप्रिय इवेंट के ऑडिशन डांस गुरु नवीन पाल जौनी ने लिए व प्रतिभागियों के हुनर की परख की। ऑडिशन के दौरान सिद्धार्थ शर्मा की बेहतरीन एकरिंग ने सबका दिल जीत लिया। ‘डांस हिमाचल डांस’ के ऑडिशन में ‘हिमाचल की आवाज’ सीजन-छह में ‘चंबा की आवाज’ बने विनोद ठाकुर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। मीडिया ग्रुप की ओर से मुख्यातिथि विनोद ठाकुर व निर्णायक मंडल के सदस्य नवीन पाल जौली को स्मृति चिंह देकर सम्मानित किया गया। ‘डांस हिमाचल डांस’ ऑडिशन में चंबा शहर के विभिन्न स्कूलों के छात्रों ने बेहतरीन प्रस्तुतियां देकर प्रतिभा का लोहा मनवाया। ऑडिशन प्रक्रिया से पहले डांस गुरू नवीन पाल जौनी ने प्रतिभागियों को डांस के टिप्स भी दिए। 

मंच पर इनका धमाल

‘डांस हिमाचल डांस’ सीजन सात ऑडिशन में सिद्धार्थ, भूमिका, दृष्टि भारद्वाज, रियांश कुकरेजा, शगुनी, शिवांगी, मन्नत, आकांक्षा एंड ग्रुप, कोमल व अंकिता, युविका, इशिका, हार्दिक, दक्ष, सारांश, पलक, रिधिमा, गार्गी, रीत कौर, रिधि, काव्या, हिमांक, राजवीर, शिवम, अनम, कार्तिक व धु्रव, शौर्या शर्मा, माधव एवं गु्रप व अभिनव एंड ग्रुप ने दमदार प्रस्तुतियां दीं।

हिमाचली हुनर को मंजिल तक पहुंचा रहा ‘दिव्य हिमाचल’

मीडिया ग्रुप के लोकप्रिय इवेंट ‘डांस हिमाचल डांस’ ऑडिशन में पहुंचे अभिभावकों ने कहा कि ‘दिव्य हिमाचल’ इस तरह के इवेंट करवाकर प्रदेश के हुनर को अलग पहचान दिला रहा है। मीडिया ग्रुप ने मिस हिमाचल, मिसेज हिमाचल, हिमाचल की आवाज, मिस्टर हिमाचल, फुटबाल लीग जैसे अनेकों कार्यक्रमों के जरिए प्रदेश के हुनर को घर-द्वार पर बेहतरीन मंच देकर उन्हें मंजिल तक पहुंचा रहा है। इन कार्यक्रमों से निकले प्रदेश के होनहार आज दुनिया भर में हिमाचल का नाम चमका रहे हैं। 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App