तेंदुए का निवाला बनीं 23 बकरियां

By: Aug 12th, 2019 12:19 am

स्यांज -सराज विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बाड़ा के गांव चीतलावखारी के खेम सिंह पुत्र बुधे राम की 23 बकरियों को तेंदुए ने अपना शिकार बना लिया। सुबह जब खेम सिंह घर से बकरियों के शेड में गया तो देखा कि बकरियों के शेड की स्लेटपोश छत उखड़ चुकी थी। अंदर बकरियों को मृत अवस्था में देखते ही खेम सिंह के होश उड़ गए। गिनती करने पर पता चला कि  तेंदुए ने एक -दो नहीं 23 बकरियों को निवाला बनाया है। इसके बाद खेम सिंह ने वार्ड पंच बेसर राम को सूचना दी और प्रधान भव देव, उप प्रधान हेम प्रभु, वन विभाग के गार्ड देश राज, पशु चिकित्सा कार्यकर्ता ललिता कुमारी, हलका पटवारी बाड़ा कृष्ण कुमार भी मौके पर पहुंचे। नियमों के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर पंचायत व अधिकारी वर्ग ने भी मौजा रिपोर्ट बनाई। बताते चलें कि खेम सिंह के पास आजीविका का एक मात्र साधन बकरी पालन ही था। उधर, उपप्रधान हेम प्रभ ने खबर की पुष्टि करते हुए कहा कि परिवार को सरकार से अतिरिक्त धन राशि के लिए प्रयास किए जाएंगे, ताकि परिवार की आजीविका का साधन पुनः स्थापित हो सके।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App