ददाहू बाजार में गरजी जनवादी महिला समिति

By: Aug 12th, 2019 12:20 am

सिविल अस्पताल ददाहू में चिकित्सकों के पद खाली होने के चलते निकाली रोष रैली, सरकार के खिलाफ की नारेबाजी

श्रीरेणुकाजी-सिविल अस्पताल ददाहू में चिकित्सकों के पद खाली होने के मुद्दे पर रविवार को जनवादी महिला समिति ने धरना प्रदर्शन व रैली का आयोजन  किया। महिलाओं ने ददाहू बाजार से हास्पिटल तक रैली निकाल कर सरकार के प्रति रोष व्यक्त किया है। सिविल अस्पताल ददाहू के प्रांगण में किए गए प्रदर्शन में महिलाओं ने जहां प्रदेश सरकार को कोसा, वहीं हास्पिटल में रिक्त पदों को न भरने को लेकर आगे आंदोलन की चेतावनी दी। महिलाओं ने हास्पिटल में जाकर प्रदेश सरकार के खिलाफ खूब हल्ला बोला। जनवादी महिला समिति की राज्य सचिव संतोष कपूर के नेतृत्व में क्षेत्र के आधा दर्जन महिला मंडलों द्वारा करीब एक घंटा तक स्वास्थ्य विभाग व प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। महिलाओं को संबोधित करते हुए संतोष कपूर ने कहा कि यह हास्पिटल दो डाक्टर के भरोसे चल रहा है। यह दोनों ही डाक्टर चौबीस घंटे अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्त्री विशेषज्ञ व बच्चों का डाक्टरों का न होना क्षेत्रवासियों के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। यह हास्पिटल मातृ हास्पिटल है, लेकिन इसमें महिला चिकित्सक की नियुक्ति तक सरकार ने नहीं की है, जिसके चलते महिलाओं को अपना इलाज करवाने के लिए नाहन जाना पड़ता है। सिविल अस्पताल ददाहू में अल्ट्रासाउंड न होने के कारण महिलाओं को 35 किलोमीटर दूर नाहन या फिर पांवटा जाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि यदि यहां डाक्टर के सभी पद नहीं भरे जाने की सूरत में सितंबर माह में ददाहू में चक्का जाम होगा।  इस दौरान महिलाओं ने सरकार के प्रति रोष प्रकट कर जमकर नारेबाजी भी की। रैली में अमिता चौहान, सेवती कमल, राधा, कृष्णा, निशा देवी, विमलेश, कमलेश, नीलम, प्रभावती, सत्या, बीना गुप्ता सहित अन्य महिलाएं मौजूद रही।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App