दिल्ली-चंडीगढ़-हरिद्वार रूट की बसें जैम पैक

By: Aug 18th, 2019 12:15 am

हमीरपुर –एचआरटीसी की बाहरी राज्यों को चलने वाली सभी बसें एडवांस बुकिंग पर चल रही हैं। शनिवार को किसी भी यात्री को बस अड्डा काउंटर पर सीटें नहीं मिल पाई। उन्हें मायूस होकर घर वापस लौटना पड़ा। यात्रियों को सोमवार से ही काउंटर पर सीटें मिल सकेंगी। बता दंे कि हमीरपुर डिपो की दिल्ली, चंडीगढ़ व हरिद्वार रूट की सभी बसें सोमवार सुबह तक एडवांस बुकिंग पर चल रही हैं। यात्रियों को चाहकर भी उक्त बसों में सीटें नहीं मिल पा रही हैं। यात्री पूरा दिन बस अड्डा में सीटों को लेकर जद्दोजहद करते देखे गए, लेकिन उन्हें निगम की किसी भी बस में शाम तक सीट उपलब्ध नहीं हो पाई। यात्री इसी उम्मीद में बस अड्डा में बैठे रहे, ताकि दूसरे डिपो की बस में उन्हंे कोई सीट मिल सके। हालांकि दूसरे डिपो की बसों में पहले से ही यात्रियों की खासी भीड़ थी। इसके चलते यात्रियों को मायूस होकर घर वापस लौटना पड़ा। कुछेक यात्रियों ने टैक्सी के जरिए ऊना व चंडीगढ़ तक सफर करना ही बेहतर समझा। निगम की मानें तो वोल्वो, टाटा एसी डिलक्स, सेमि डिलक्स व ऑर्डिनेरी बसों सहित डेढ़ दर्जन बसों की ऑनलाइन बुकिंग दो दिन पहले हो चुकी थी। इसके चलते यात्रियों को खासी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

कौन से राज्यों के लिए कितनी बसें

हमीरपुर से दिल्ली के लिए दो वोल्वो, एक टाटा एसी डिलक्स, एक सेमि डिलक्स और चार ऑर्डिनेरी बसें रोजाना रूटों पर दौड़ती हैं। इसके अलावा हमीरपुर से चंडीगढ़ रूट पर छह ऑर्डिनेरी और हमीरपुर से हरिद्वार रूट पर दो ऑर्डिनेरी बसें यात्रियों की सुविधा के लिए चलाई जा रही हैं। सभी बसों में सोमवार सुबह तक एडवांस बुकिंग चल रही है। इसके अलावा सोमवार सुबह 4ः45 बजे, सुबह 5ः20 बजे, और सुबह आठ बजे चलने वाली नॉन स्टॉप बसों में भी यात्रियों को सीटंे नहीं मिल सकेंगी।

 

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App