दिल को दुरुस्त रखें ये योग

By: Aug 24th, 2019 12:25 am

आजकल की व्यस्त लाइफस्टाइल में लोगों के पास अपने लिए तो बिलकुल भी समय नहीं है। आज हर किसी पर कार्य का इतना ज्यदा बोझ है कि कब बीमारियां घेर लेती हैं, इसका पता ही नहीं चलता। योग के कई फायदों के बारे में हम सब जानते हैं, लेकिन कुछ योग ऐसे भी हैं जो किसी खास बीमारी में कारगर होते हैं। यहां हम बता रहे हैं कुछ ऐसे योगासनों के बारे में, जो दिल को दुरुस्त रखते हैं।

वीरभद्रासन

इसे करने के लिए एक पैर को पीछे की तरफ  ले जाएं और दूसरे पैर को 90 डिग्री एंगल पर स्ट्रेच करें। अब दोनों हाथों को ऊपर ले जाकर जोड़ें, बिलकुल एक पहाड़ की आकृति की तरह। इसके बाद धीरे-धीरे दोनों हाथों को सामने की ओर लाएं और पीछे के पैर को और जितना हो सके पीछे की ओर स्ट्रेच करें। दूसरा पैर उसी अवस्था में ही रहे। बारी-बारी से दोनों पैरों से इस आसन को करने से लाभ मिलता है। पीठ दर्द के इलाज में ये बहुत फायदेमंद है।

त्रिकोणासन

सबसे पहले सीधे खड़े हो जाएं और दोनों पैरों को फैला लें। दाएं पैर को बाहर की ओर स्ट्रेच करें और बाएं हाथ को ऊपर की दिशा में ले जाते हुए कमर को भी दायीं ओर झुकाएं। अब अपनी दायींं हथेली को जमीन से सटाएं और साथ ही साथ बाएं हाथ को ऊपर की तरफ  और स्ट्रेच करें। सामान्य अवस्था में लौटने के बाद इसे दूसरे पैर से दोहराएं। बारी-बारी से दोनों तरफ  से इसे करें।

सूर्य नमस्कार

सूर्य नमस्कार करने के कई लाभ हैं। इसमें 12 आसनों को क्रमबद्ध तरीके से किया जाता है और हर आसन का असर शरीर के किसी खास हिस्से पर होता है। दिल को स्वस्थ रखने के साथ ही हर तरह के रोग को दूर करने में ये आसन मददगार हैं। इसीलिए इसे निरोगी काया आसन कहते हैं। ब्लड प्रेशर की समस्या हो तो सूर्य नमस्कार करने से बचें।

सेतु बंधासन

सेतु बंधासन को करने के लिए सबसे पहले पीठ के बल लेट जाएं। अब दोनों हाथों को अपनी लंबाई में स्ट्रेच करें। इसके बाद धीरे-धीरे अपने घुटनों को मोड़ते हुए कमर को ऊपर उठाएं। इस अंतिम अवस्था में कुछ देर श्वास पेट में रोककर रखें। फिर सामान्य अवस्था में लौट आएं। कुछ देर इस क्रम को दोहराएं। दिल को स्वस्थ रखने के साथ ही ये आसन करने से आपकी कमर, पेट और जांघ भी शेप में रहते हैं।

अंजलि मुद्रा

ये योग की एक मुद्रा है। अंजलि मुद्रा करने के लिए आसन पर बैठ जाएं और दोनों हाथों को जोड़कर छाती के बीचोंबीच रख लें। अब आंखें बंद करके धीरे से सांस अंदर लें। कुछ देर सांस को रोकें और फिर धीरे-धीरे सांस छोड़ दें। कम से कम 5 मिनट तक इसे दोहराएं। इससे रक्त संचार सही होता है और दिल स्वस्थ रहता है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App