दुकान के नौकर ने उड़ा लिए टिकट

By: Aug 17th, 2019 12:12 am

हमीरपुर -हिमाचल पथ परिवहन निगम डिपो हमीरपुर के एक कंडक्टर का टिकट बंडल अचानक चोरी हो गया। टिकट का बंडल गायब देख कंडक्टर के होश उड़ गए। इसे कुछ समझ नहीं आ रहा था कि आखिर हुआ क्या। जानकारी के अनुसार गुरुवार को हमीरपुर डिपो के एक कंडक्टर के टिकट बंडल बारिश के पानी से भीग गए थे और उन्हें सूखाने के लिए कंडक्टर अपने विश्वासपात्र दुकानदार के पास चला गया। उसने टिकट के बंडल वहां सूखने के लिए रख दिए। सूखने के बाद जब उसने बंडल गिने तो एक कम था। यह देखकर परिचालक के होश उड़ गए, क्योंकि गुम हुए बंडल का हर्जाना उसे ही भुगतान था। काफी ढूंढने के बाद भी जब बंडल नहीं मिला तो कंडक्टर ने हर्जाना चुकाने का मन बना लिया। दूसरे दिन शुक्रवार को कंडक्टर यूनियन के अध्यक्ष सुरेश कुमार एक दुकान पर किसी काम से गए। इस दुकान पर काम करने वाले लड़के के हाथ में उन्हें टिकट का वह बंडल दिख गया। जब उसने पूछा की टिकट का यह बंडल कहां से आया तो लड़का कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। फिर दुकान पर ही हंगामा हो गया। भीड़ उमड़ता देख युवक ने अपना गुनाह भी कबूल कर लिया। संबंधित कंडक्टर को पुलिस में शिकायत करने के लिए कहा गया है।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App