दूरदर्शन की मशहूर एंकर नीलम शर्मा का निधन

By: Aug 17th, 2019 7:26 pm

नई दिल्ली-दूरदर्शन की मशहूर एंकर नीलम शर्मा का आज नोएडा के एक अस्पताल में निधन हो गया। वह करीब 50 वर्षी की थीं और पिछले कुछ दिनों से निमोनिया से पीड़ित थीं और अस्पताल में भर्ती थीं। श्रीमती शर्मा के परिवार में पति के अलावा एक पुत्र है। उनका अंतिम संस्कार शाम सात बजे निगमबोध घाट पर कर दिया गया। इस अवसर पर प्रसार भारती के अध्यक्ष ए सूर्य प्रकाश और दूरदर्शन (समाचार) के महानिदेशक मयंक अग्रवाल समेत कई वरिष्ठ अधिकारी और पत्रकार मौजूद थे। श्री सूर्य प्रकाश के अलावा मुख्य कार्यकारी अधिकारी शशि शेखर, दूरदर्शन की महानिदेशक सुप्रिया साहू और श्री अग्रवाल ने श्रीमती शर्मा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है और उन्हें दूरदर्शन की ‘पहचान’ बताया है। श्रीमती शर्मा 1995 से दूरदर्शन में कार्यरत थीं और नारी सशक्तीकरण को लेकर उन्होंने तेजस्विनी जैसे कई कार्यक्रम किये थे। उन्हें इस वर्ष मार्च में नारी शक्ति सम्मान मिला था। उन्हें कई अन्य पुरस्कारों से भी सम्मानित किया गया था। वह अपने कार्यक्रमों में ज्वलंत मुद्दों को काफी प्रखरता से उठाती थीं और अपनी प्रभावशाली शैली और प्रस्तुति के कारण दर्शकों में काफी लोकप्रिय थीं। श्री सूर्य प्रकाश ने श्रीमती शर्मा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा है कि वह वास्तविक रूप से नारी शक्ति की प्रतीक थीं। उनके निधन से दूरदर्शन ने अपनी तेजस्विनी को खो दिया है। दूरदर्शन की महानिदेशक सुप्रिया साहू ने श्रीमती शर्मा के निधन पर दुख व्यक्त किया है और उन्हें एक प्रमुख एंकर बताया है। उन्हें दूरदर्शन को एक अलग पहचान दी। श्री शशिशेखर ने श्रीमती शर्मा के निधन पर दुख जताया है और कहा है कि उनका निधन दूरदर्शन के लिए एक बड़ी क्षति है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App