देश ने खोया महान आर्थिक सुधारक

By: Aug 25th, 2019 12:08 am

अरुण जेटली के निधन पर उद्योग जगत ने जताया दुख; कहा, हमेशा खलेगी कमी

नई दिल्ली -पूर्व वित्त मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता अरुण जेटली के असामयिक निधन पर उद्योग जगत ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए शनिवार को कहा कि देश ने एक महान आर्थिक सुधारक खो दिया है, जिसकी भरपाई कभी नहीं हो पाएगी। फिक्की और सीआईआई सहित विभिन्न उद्योग संगठनों ने श्रीजेटली के निधन पर गहरा दुख जताया है। फिक्की के अध्यक्ष संदीप सोमानी ने कहा कि पूर्व वित्त मंत्री का निधन देश के लिए बहुत बड़ा नुकसान है। देश ने गौरवान्वित करने वाला एक बेटा, एक राष्ट्र भक्त, एक राष्ट्रवादी और एक ऐसे व्यक्ति को खो दिया है जिसको भारतीय अर्थव्यवस्था की क्षमताओं पर पूरा भरोसा था।  उन्होंने कहा कि श्री जेटली के निधन से एक बड़ा शून्य बन गया है, जिसे कभी नहीं भरा जा सकेगा और कारोबारी एवं उद्यमी समुदाय उन्हें हमेशा याद करेंगे। पूर्व वित्त मंत्री को देश के बड़े आर्थिक सुधार का वास्तुकार बताते हुए उन्होंने कहा कि श्रीजेटली ने मध्यावधि से लेकर दीर्घकालिक सतत विकास के लिए मजबूत नींव डाली हैं। समग्र वृद्धि और विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में किए गए उपायों से झलकती है। सीआईआई के अध्यक्ष विक्रम किर्लोस्कर ने कहा कि श्री जेटली के असमय निधन से भारतीय उद्योग जगत को गहरा सदमा लगा है। उन्हें देश के असाधारण नेताओं में से एक माना जाता है। उन्होंने कहा कि श्री जेटली एक सच्चे सुधारक और आर्थिक उदारीकरण के वकालत करने वाले थे। उन्होंने भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए उल्लेखनीय कार्य किए हैं, जिसका लाभ अर्थव्यवस्था को मिलता रहेगा। उन्होंने कहा कि एक मंत्री के रूप में श्री जेटली हमेशा भारतीय उद्योग और उद्यमी के करीबी रहे। मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में वित्त एवं कंपनी मामलों के मंत्री के रूप में  ऐतिहासिक सुधार के नींव डाले गए और वृहद आर्थिक नींव को मजबूत बनाया गया। श्री किर्लोस्कर ने श्री जेटली के वित्त मंत्री के रूप में किए गए आर्थिक सुधारों का उल्लेख करते हुये कहा कि देश को ऐसे राजनेता की कमी हमेशा खलेगी। कंफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) ने पूर्व वित्त मंत्री को व्यपारियों का सच्चा मित्र बताते हुए कहा कि श्री जेटली के निधन से व्यापारी समुदाय को गहरा दुख हुआ, क्योंकि वे व्यापारियों के सच्चे मित्र थे, जो हमेशा उनके साथ खड़े थे। 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App