देश ने खोया विद्वान-ईमानदार नेता

By: Aug 25th, 2019 12:04 am

पूर्व सीएम धूमल बोले, उनका व्यक्तित्व अजातशत्रु की तरह

 हमीरपुर –वरिष्ठ भाजपा नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली के निधन पर पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने गहरा दुख प्रकट किया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे और इन दिनों दिल्ली के एम्स अस्पताल में उपचाराधीन थे। उनके देहांत के समाचार को दुखद बताते हुए प्रो. धूमल ने कहा कि आज सारा देश स्तब्ध है। पार्टी और देश ने एक विद्वान बुद्धिजीवी अधिवक्ता एवं ईमानदार नेता खोया है। श्री धूमल ने कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली कठिन से कठिन समय में भी और मुश्किल से मुश्किल हालात में भी पार्टी एवं सरकार को सही मार्गदर्शन देते थे। अरुण जेटली नपे तुले शब्दों में बात करते थे एवं उनका व्यक्तित्व अजातशत्रु की तरह था, कोई उनका शत्रु नहीं था। विचारों का मतभेद भले ही हो, लेकिन उनकी योग्यता, उनकी क्षमता एवं उनकी ईमानदारी पर किसी को कोई संदेह नहीं था। विपक्ष के नेता भी उनका बहुत सम्मान करते थे। श्री धूमल ने पूर्व केंद्रीय मंत्री के निधन को देश की अपूरणीय क्षति बताया है। उन्होंने कहा कि पिछले बहुत थोड़े समय में हमने दो बहुत महत्त्वपूर्ण नेता खोए हैं। सुषमा स्वराज एवं अरुण जेटली को देश ने खोया है। यह ऐसी अपूरणीय क्षति है, जिसको कभी पूरा नहीं किया जा सकता।

शांता बोले, बड़े विद्वान थे जेटली

पालमपुर। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ट नेता व पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली के निधन पर दुख व्यक्त किया है। शांता कुमार ने कहा कि अरुण जेटली भारतीय जनता पार्टी के एक दिग्गज नेता थे।  उनके साथ एक लंबा समय काम करने का मौका मिला था। वह कानून और वित्त दोनों विषय के बहुत बड़े विद्वान थे, उनके निधन से पार्टी को क्षति हुई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App