नालागढ़ में दर्जन गाडि़यां बही

By: Aug 19th, 2019 12:20 am

बीबीएन-नालागढ़ –उपमंडल नालागढ़ में इस बार बारिश ने खूब  कहर बरसाया। नालागढ़ शहर, चंगर क्षेत्र सहित पहाड़ी क्षेत्र में बारिश ने आम जनों को आफत में डाले रखा। हालात यह रहे कि नालागढ़ क्षेत्र में खेत खलिहान, सड़कें जलमग्न हो गई वहीं लोगों के घरों में भी बारिश का पानी व मलबा घुस गया है, जिससे लोगों को अपने घर छोड़ कर दूसरी जगह जाने पर मजबूर होना पड़ा। शनिवार रात बारिश के दौरान हालात यह रहे कि डरे सहमे क्षेत्रवासियों को रात जागकर काटनी पड़ी। नालागढ़ में करीब दर्जन भर वाहनों के तेज बारिश में बहने व क्षतिग्रस्त होने का समाचार  है इसके अलावा पंजैहरा व जनौण में घर व पशुशाला के ढहने से मवेशियों के मरने की सूचना है। नालागढ़ रामशहर रोड गुरुकंुड के पास भू-स्खलन के कारण बंद है, प्रशासन रोड को दुरुस्त करने में जुटा है लेकिन देर शाम तक इस मार्ग पर यातायात बहाल नहीं हो पाया था। इसके अलावा चंगर क्षेत्र , बीड प्लासी, दभोटा, ढाना खेड़ा में घरों में पानी घुसने और खेतों में फसलों को नुकसान भी इस बारिश ने खूब पहंुचाया। नालागढ़ के वार्ड नं तीन में बादल फटने से चोये वाला मंदिर के पास नाले में आए पानी के सैलाव ने खूब तबाही मचाई है। मंदिर मार्ग के किनारे खडी करीब तीन गाडि़या पानी में बह जाने से पुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। वहीं लोगों के घरों में  भी मलबा घुस गया है। प्रभावित परिवारों को परिषद द्वारा नप कार्यालय में रहने को कहा गया है वहीं उनके रहने व खाने पीने की व्यवस्था की गई है। वहीं रामशहर मार्ग पर प्रीत नगर कालोनी में भी बारिश का पानी आने से लोगों को भारी क्षति पहुंची है। एसडीएम नालागढ़ प्रशांत देष्टा ने कहा कि बारिश से उपमंडल में नुकसान हुआ है, जिसका आंकलन लगाया जा रहा है। जहां आवश्यकता है, वहां पर फौरी राहत भी बांटी जा रही है।

जनौण में पहाड़ी गिरने से पांच मवेशियों की मौत

उपमंडल नालागढ़ के तहत जनौण में भारी बारिश के कारण पुरी पहाड़ी खिसक कर एक घर व मवेशी खाने पर आ गिरी, जिससे तीन पशुशालाएं चपेट में आ गई।  इस दौरान राम सिंह की एक मोटरसाईकिल मलबे में दब गई जबकि कर्म चंद की तीन पशुशालाएं मलबे की जद में आ गई जिसमें एक दुधारू भैंस, एक भैंस का बच्चा, दो बकरियों की मलबें में दबने से मौत हो गई। इसके अलवा कर्मचंद के घरों में भी कीचड़ भर चुका है। इस वजह से इन्हें करीबन तीन लाख से ज्यादा का नुकसान हुआ है। हादसे की सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार बलदेव शर्मा ने घटनास्थल का रुख किया और सात हजार रुपए फ ौरी राहत के तौर पर दिए।

भाजपा जिला अध्यक्ष केएल ठाकुर ने लिया जायजा

बारिश के कारण नालागढ़ विस क्षेत्र में हुए नुकसान का जायजा लेेने के लिए जिला भाजपा अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक केएल ठाकुर ने हलके का दौरा किया और बारिश से हुई तबाही का निरीक्षण किया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App