निकाय-पंचायत चुनाव साथ कराने की तैयारी

By: Aug 14th, 2019 12:01 am

अगले साल दिसंबर में इलेक्शन, एमसी शिमला के लिए रूल में संशोधन करेगी सरकार

शिमला – प्रदेश सरकार पंचायती राज और शहरी निकाय के चुनाव एक साथ करवाने की तैयारी में हैं। हालांकि नगर निगम धर्मशाला और सभी पंचायतों के चुनाव दिसंबर 2020 में होने हैं, लेकिन नगर निगम शिमला के कार्यकाल का पेंच अभी फंसा हुआ है। एमसी शिमला का कार्यकाल जून 2022 में पूरा होने वाला है। कुल मिला कर डेढ़ साल का गैप पड़ रहा है। इसे देखते हुए प्रदेश सरकार नगर निगम रूल में संशोधन कर सकती है, ताकि दोनों नगर निगम, पंचायतीराज, नगर परिषद, नगर पंचायतों का चुनाव एक साथ हो सकें। सूत्रों के मुताबिक प्रदेश सरकार अब हिमाचल में नगर निगम, शहरी निकायों और पंचायतों के चुनाव एक साथ करवाना चाहती है, लेकिन सबसे बड़ी समस्या शिमला नगर निगम के चुनाव समय से पहले करवाना हैं। हालांकि पंचायती राज मंत्री इस बारे में साफ कह चुके हैं कि पंचायतीराज और शहरी निकाय के चुनाव एक साथ करवा सकते हैं। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2015 में प्रदेश की सभी पंचायतों सहित सभी शहरी निकाय नगर निगम शिमला को छोड़ चुनाव हुए थे, जबकि नगर निगम शिमला का चुनाव 2017 को हुआ था। प्रदेश में पंचायतीराज चुनाव दिसंबर 2020 में करवाने के लिए राज्य निर्वाचन आयोग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। प्रदेश में दो नगर निगम शिमला और धर्मशाला के अलावा 52 नगर निकाय हैं। इन 52 नगर निकायों में 31 नगर परिषद और 21 नगर पंचायत शामिल हैं। इसी तरह 12 जिला परिषद और 78 पंचायत समीतियां और 3226 ग्राम पंचायतें हैं। कुल 29324 पदों के लिए चुनाव एक साथ करवाने की तैयारी हो रही है।

संशोधन के लिए लाना पड़ेगा अध्यादेश

नगर निगम शिमला व पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव एक साथ करवाने के लिए नगर निगम रूल में संशोधन करना पडे़गा। कारण यह है कि जिस समय चुनाव होगा, उस वक्त नगर निगम शिमला का डेढ़ साल का कार्यकाल शेष रहेगा। लोकसभा चुनावों के बाद 3.76 लाख नए मतदाता प्रदेश में बने हैं। वर्तमान में 54 लाख 76 हजार मतदाता हैं। राज्य निर्वाचन आयोग और पंचायती राज विभाग ने प्रदेश के पंचायत चुनावों के लिए अभी से तैयारियां शुरु कर दी हैं। आयोग ने प्रदेश सरकार से पुनर्सीमांकन सहित अन्य मसलों को 31 मार्च से पहले निपटाने को कहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App