पंजाब रोडवेज की ब्रेक फेल, गाडि़यां रौंदीं

By: Aug 9th, 2019 12:20 am

भरवाईं के पास पेश आया हादसा; आधा दर्जन श्रद्धालु जख्मी, छानबीन में जुटी पुलिस

भरवाई –चिंतपूर्णी से पंजाब राज्य के बटाला रूट पर जा रही पंजाब रोडवेज की बस की भरवाईर्ं से लगभग दो किलोमीटर दूरी पर बे्रक फेल होने से हादसा हुआ है। इसमें करीब आधा दर्जन श्रद्धालु घायल हुए हैं। वहीं, हादसे में दो श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए एंबुलेंस के माध्यम से अंब अस्पताल पहुंचाया गया है। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को ऊना अस्पताल रैफर किया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पंजाब रोडवेज की बस सुबह के समय अपने निर्धारित रूट पर जा रही थी, लेकिन बस की अचानक ही ब्रेक फेल हो गई। बताया जा रहा है कि ब्रेक फेल होने के चलते अनियंत्रित हुई बस ने अपनी चपेट में चार कार, एक बाइक, एक ट्रैक्टर ट्राली को भी लिया है। हादसे में कार सवार दो श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हुए हैं। वहीं, अन्य कुछ लोगों को मामूली चोटें आई हैं। इस हादसे में वंश (16) पुत्र बूटा सिंह निवासी फजीलपुर जालंधर, गौरव (25) पुत्र अश्वनी नकोदर जालंधर, बलराज सिंह (32) पुत्र जत्था सिंह कोट धर्मचंद, दलजीत (10) पुत्र बलराम कोटधर्मचंद, सुमन (37) पुत्र सुनील जलालाबाद, रवि (33) पुत्र राजवंश मोरबाली इनमें से वंश व दलजीत को उपचार के लिए ऊना अस्पताल रैफर किया हुआ है। हादसे के दौरान अन्य स्थानीय लोग भी एकत्रित हो गए। वहीं, लोगों द्वारा एंबुलेंस को सूचित किया गया। इसके चलते घायलों को पहले अंब अस्पताल उपचार के लिए पहुंचाया गया। वहीं, गंभीर रूप से घायल लोगों को ऊना के लिए भेजा गया। उधर, हादसा होने के चलते जाम की स्थिति भी बनी रही। वाहनों की आवाजाही सुचारू रूप से चलाने के लिए पुलिस प्रशासन को भी कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। बता दें कि प्रसिद्ध शक्तिपीठ चिंतपूर्णी में इन दिनों श्रावण अष्टमी मेले का आयोजन किया जा रहा है। इसके चलते प्रदेश के अलावा अन्य बाहरी राज्यों के श्रद्धालु मां के दर्शनों के लिए पहुंच रहे हैं, लेकिन हादसा होने के चलते इस मार्ग से गुजरने वाले श्रद्धालुओं को गुरुवार को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। उधर, डीएसपी अंब मनोज जम्वाल ने बताया कि घायलों को उपचार के लिए स्वास्थ्य संस्थान पहुंचाया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App