पांच किलो चरस संग चार धरे

By: Aug 23rd, 2019 12:03 am

ऊना में नशे के साथ रंगे हाथ धरे पति-पत्नी, मणिकर्ण में भी दो लोग गिरफ्तार

मंडी निवासी दंपति के पास मिली नशे की खेप

ऊना – शहर में नाके के दौरान अढ़ाई किलो चरस के साथ पकड़े गए पति-पत्नी पुलिस गिरफ्त में

ऊना – ऊना पुलिस ने ऊना मुख्यालय पर चरस के साथ मंडी जिला के तहत भांबला क्षेत्र के पति-पत्नी को दो किलोग्राम 630 ग्राम चरस के साथ दबोचा है। पुलिस ने सफारी गाड़ी से चरस बरामद की है। पुलिस ने मामले में संलिप्त दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार पुलिस ने ऊना मुख्यालय में देर रात नाका लगाया हुआ था। इस दौरान करीब डेढ़ बजे सफारी कार को चैकिंग के लिए रोका गया। इसमें मंडी निवासी पति-पत्नी सवार थे। पुलिस द्वारा जब गाड़ी की चैकिंग की गई तो गाड़ी से चरस बरामद की गई। गाड़ी में सवार लोगों द्वारा चरस को छिपाने का नया तरीका अपनाया हुआ था। इन लोगों ने गाड़ी की डिक्की के साथ स्टेपनी के नीचे एक बॉक्स बनाकर रखा था। इसमें ही चरस छिपाई गई थी, लेकिन वे पुलिस को चकमा नहीं दे पाए। पुलिस ने चरस बरामद करने के साथ ही पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, उनकी गाड़ी को भी कब्जे में ले लिया है। बताया जा रहा है कि इन लोगों से करीब 92 हजार रुपए की राशि भी बरामद हुई है। वहीं, पुलिस अब इस छानबीन में जुटी हुई है कि यह चरस खेप कहां से लाई गई और कहां पहुंचाई जानी थी। उधर, इस बारे में डीएसपी हैडक्वार्टर अशोक वर्मा ने कहा कि पुलिस ने सफारी गाड़ी की चैकिंग के दौरान चरस बरामद की है। इस मामले में पति-पत्नी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस छानबीन कर रही है।

आनी में लावारिस बैग से मिली चरस

आनी – आनी पुलिस ने नाके के दौरान पुराने बस अड्डे में एक लावारिस बैग से एक किलो चरस बरामद की है। मामला गुरुवार सुबह का है, जब आनी पुलिस की टीम एएसआई पुष्प देव शर्मा की अगआई में नाके पर थी। तभी उन्हें एक लावारिस बैग मिला। उसमें कुछ सेब और चरस रखी हुई थी। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। डीएसपी तेजिंद्र वर्मा ने बताया कि नए बस अड्डे के पास से लेकर पुराने अड्डे के आसपास लगे कैमरों की फुटेज को खंगालने के साथ बैग के मालिक की तलाश की जा रही है।

नेपाली के साथ कुल्लू निवासी भी दबोचा

कुल्लू –

पुलिस ने मणिकर्ण घाटी में चरस की खेप के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है। गुरुवार को पुलिस ने यहां नाका लगा रखा था। इस दौरान पुलिस ने मणिकर्ण के जैंलनाला कटागला के पास से एक नेपाली मूल के व्यक्ति को शक के आधार पर रोका। जब उसकी तलाशी ली गई तो उसके बैग से एक किलो 509 ग्राम चरस बरामद हुई। नेपाली की पहचान 43 वर्षीय राजेश कुमार पुत्र मनवीर निवासी चुनबांग तहसील व जिला रूकामकोट नेपाल के रूप में हुई है। पुलिस ने जब नेपाली से चरस के संबंध में पूछताछ की तो उसने स्थानीय व्यक्ति ज्ञान चंद (50) निवासी बारोगी के बारे में जानकारी दी। बाद में पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया है। एसपी कुल्लू गौरव सिंह ने कहा कि पुलिस ने इस चरस के मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर दोनों के खिलाफ आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App