पैरालंपियन दीपा मलिक खेल रत्न

By: Aug 30th, 2019 12:06 am

14 खिलाडि़यों ने राष्ट्रपति से ग्रहण किया अर्जुन पुरस्कार

नई दिल्ली – राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने रियो पैरालम्पिक की रजत पदक विजेता पैरा एथलीट दीपा मलिक को गुरूवार को राष्ट्रपति भवन के दरबार हॉल में एक समारोह में देश के सर्वोच्च खेल सम्मान राजीव गांधी खेल रत्न से सम्मानित किया, जबकि 14 खिलाडि़यों ने अर्जुन पुरस्कार ग्रहण किया। समारोह में राजीव गांधी खेल रत्न, द्रोणाचार्य (नियमित और लाइफ टाइम), अर्जुन पुरस्कार, ध्यानचंद अवार्ड, राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार,तेनजिंग नोर्गे राष्ट्रीय साहस पुरस्कार और मौलाना अबुल कलाम आजाद (माका) ट्रॉफी प्रदान की गई। दीपा के साथ विश्व के नंबर एक पहलवान बजरंग को खेल रत्न मिलना था, लेकिन विश्व चैंपियनशिप की तैयारी के लिए विदेश में अपनी ट्रेनिंग में व्यस्त होने के चलते बजरंग समारोह में शामिल नहीं हो पाए। अर्जुन पुरस्कार के लिए पांच खिलाड़ी एथलीट तजिंदर पाल सिंह तूर और मोहम्मद अनस यहिया, क्रिकेटर रवींद्र जडेजा, महिला निशानेबाज अंजुम मुद्गिल और पैरा एथलीट सुंदर सिंह गुर्जर तथा द्रोणाचार्य के लिए मोहिंदर सिंह ढिल्लों समारोह में शामिल नहीं हो पाए। इन सभी को उनका पुरस्कार बाद में प्रदान किया जाएगा। दीपा मलिक पैरालंपिक में पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी हैं। उन्होंने अब तक 58 राष्ट्रीय और 23 अंतरराष्ट्रीय पदक जीते हैं।  दीपा व्हीलचेयर पर जब यह सम्मान लेने पहुंचीं, तो राष्ट्रपति ने खुद अपनी जगह से आगे आकर उन्हें यह अवार्ड प्रदान किया। उस समय पूरा दरबार हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज रहा था।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App