फूड प्वाइजिनिंग से कैसे बचें

By: Aug 24th, 2019 12:25 am

बरसात के मौसम में प्रतिरक्षा प्रणाली के कमजोर होने और अस्वास्थ्यकर आहार से पाचन संबंधी विकार जैसे कब्ज, पेचिश, अपच, उल्टी, फूड प्वाइजनिंग आदि समस्याएं हो सकती हैं। इसके अलावा गैस्ट्रो आंत्र संक्रमण जैसे टाइफाइड, हैजा, मलेरिया, पीलिया और वायरल संक्रमण, सर्दी और खांसी जैसी बीमारियां बहुत ही आम हैं। इससे बचने के लिए आपको कुछ बातों पर विशेष ध्यान रखना चाहिए। डाक्टर इस मौसम में संतुलित व साफ आहार लेने की सलाह देते हैं।

साफ  पानी- इस मौसम में प्रदूषित पानी की अधिकता रहती है। इसलिए पानी से होने वाली बीमारियों से बचने के लिए स्वास्थ्य विषेशज्ञ साफ पानी पीने की सलाह देते हैं। इसलिए मानसून में आप सिर्फ फिल्टर्ड और उबला हुआ पानी ही पिएं। इसके अलावा आप स्वास्थ्य केंद्र से क्लोरीन की गोलियां लेकर उसे पानी में डाल सकते हैं। इससे भी पानी शुद्ध हो जाता है।

संतुलित आहार- मानसून में उमस के कारण पाचन तंत्र कमजोर हो जाता है। संतुलित आहार का चयन आपको मानसून का असली मजा लेने मंे मदद करता है। इस मौसम मे लोगों को सुपाच्य फल, सब्जी और अनाज का सेवन करना चाहिए।

खाने को अच्छे से पकाएं- मानसून में शरीर भोजन को जल्दी नहीं पचा पाता है और कच्चा या अधपका खाने का मतलब है, कई बीमारियों को दावत देना। इसलिए मानसून में अपने खाने को अच्छे से पकाकर खाएं।

स्ट्रीट फूड से दूर रहें– वैसे तो मानसून में स्ट्रीट फूड से खुद को दूर रख पाना थोड़ा मुश्किल काम है, लेकिन फिर भी जितना ज्यादा हो सके इससे बचें। स्ट्रीट फूड में कई तरह के बैक्टीरिया होते हैं, जो बीमारियों को जन्म देते हैं।

ज्यादा तेल मसाला खाने से बचें- मानसून में ज्यादा तेल और मसालेदार खाने से परहेज करना चाहिए। साथ ही खट्टी चीजें, इमली, अचार आदि भी नही खाना चाहिए। क्योंकि इससे शरीर में पानी की मात्रा में कमी आने की संभावना बढ़ जाती है। जबकि करेला, नीम, तुलसी, मेथी व हल्दी रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने में सहयोग करते हैं।

साफ.-सफाई का विशेष ध्यान-मानसून में पेट की समस्याओं से बचने के लिए साफ.-सफाई का ध्यान रखना बहुत जरूरी होता है। इसलिए खाना खाने से पहले, खाना खाने के बाद और टायलेट से आने के बाद हाथों को अच्छी तरह से धोएं। इसके साथ ही भोजन बनाते समय सफाई का विशेष ध्यान रखना चाहिए। फल और सब्जियों को गर्म पानी में धोकर इस्तेमाल करें।

शहद– मानसून में पाचन विकार से लड़ने के लिए हर सुबह एक गिलास गर्म पानी में शहद मिलाकर खाली पेट लेना चाहिए। ऐसा करने से शरीर में संचित विषाक्त पदार्थों को बाहर निकालने में मदद मिलती है। साथ ही शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है। इसलिए मानसून में शहद का सेवन किसी न किसी रूप में जरूर करना चाहिए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App