बाजार पहुंचे सेब के 21 लाख बाक्स

By: Aug 6th, 2019 12:25 am

बागबानों को मिल रहे फसल के अच्छे दाम, प्रदेश में इस बार बंपर पैदावार की उम्मीद

शिमला – हिमाचल प्रदेश में इस सेब सीजन के दौरान बंपर फसल होने का अनुमान लगाया जा रहा है। विभाग की मानें तो राज्य में मौजूदा सेब सीजन के दौरान उत्पादन का आंकड़ा चार करोड़ सेब बाक्स तक पहुंच जाएगा। राज्य में सेब सीजन ने रफ्तार पकड़नी शुरू कर दी है। प्रदेश के कम ऊंचाई वाले क्षेत्रों के साथ ही अब मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी सेब सीजन का आगाज हो गया है। मार्केट में रोजाना काफी संख्या में सेब बाक्स पहुंच रहे हैं। बागबानी विभाग के अनुसार अभी तक मार्केट में 21 लाख 11 हजार 596 बाक्स पहुंच चुके हैं। राज्य में बंपर फसल होने के चलते बागबान धड़ाधड़ फसल को मार्केट में उतार रहे हैं। इसका अंदाजा इससे बखूबी लगाया जा सकता है कि बीते सीजन के दौरान इतनी ही अवधि में मार्केट में 18 लाख सेब बाक्स ही पहुंच पाए थे। बीते साल पांच अगस्त तक 18 लाख 32 हजार 205 सेब बाक्स ही मार्केट में पहुंचे थे। मौजूदा सेब सीजन के दौरान करीब तीन लाख सेब से अधिक बाक्स मार्केट में पहुंच चुके हैं। विभाग की मानें तो आगामी दिनों के दौरान फल मंडियों में सेब सीजन और रफ्तार पकडे़गा। इससे सेब बाक्स के आंकडे में और उछाल आने की संभावना है।  राज्य में सेब सीजन के शुरुआत में बागबानों को फसल के अच्छे दाम मिल रहे हैं। मार्केट में स्पर सेब के दाम तीन हजार प्रति बाक्स तक चल रहे है। वहीं, सेब का राजा रॉयल दो हजार से 2300 प्रति बाक्स के हिसाब से बिक रहा है। बागबान सेब के अच्छे दाम मिलने से खुश दिख रहे हैं। वे उम्मीद जता रहे है कि अगामी दिनों के दौरान भी मार्केट ऐसी ही बनी रहेगी और बागबानों को फसल के अच्छे दाम मिलते रहेंगे। बागबानी विभाग के मुताबिक राज्य में इस सेब सीजन के दौरान चार करोड़ से अधिक सेब बाक्स के उत्पादन का अनुमान लगाया जा रहा है। राज्य में अगर अनुमान के तहत सेब बाक्स का उत्पादन होता है तो यह पिछले कई वर्षों के दौरान रिकार्डतोड़ उत्पादन होगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App