बारिश का  कहर…12 घंटे में साढ़े सात करोड़ बहे

By: Aug 18th, 2019 12:20 am

बेरहम बरसात से चंबा में 115 सड़कों पर थमे गाडि़यों के पहिए, भू-स्खलन ने रोकी रफ्तार

चंबा –बरसात की बेरहम बारिश ने चंबा जिला में लोक निर्माण विभाग में बीते 12 घंटों के भीतर ही साढे़ सात करोड़ रुपए की चपत लगा दी है। बारिश के कारण जिला के विभिन्न हिस्सों में भू-स्ख्लन व पत्थर गिरने का दौर जारी रहने से 115 सड़कों पर वाहनों के पहिए भी थमकर रह गए हैं। बारिश से लोक निर्माण विभाग को सर्वाधिक नुकसान डलहौजी मंडल में करीब दो करोड़ रुपए का सहना पड़ा है। लोक निर्माण विभाग की लेबर मशीनरी संग बारिश के कारण बंद मार्गांे पर यातायात बहाली में जुटी हुई है। मगर बारिश के लगातार जारी रहने से मलबा व पत्थर गिरने का क्रम लगातार जारी रहने से विभिन्न मार्गो पर यातायात बहाली फिलहाल चुनौती बनी हुई है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर रात से जारी बारिश के कारण जिला के तमाम मुख्य व संपर्क मार्ग बंद होने से चंबा जिला का संपर्क पूरी तरह शेष विश्व से कटकर रह गया है। बारिश के कारण जगह- जगह भू-स्ख्लन व पत्थर गिरने का दौर जारी है, जबकि कई जगह बारिश के कारण डंगे दरक गए हैं। इसके चलते चंबा- सलूणी व चंबा- तीसा, चंबा- जोत- चुवाडी- सिहंुता, लाहडू- ककीरा- तुनुहट्टी मुख्य समेत चंबा- साहो, चंबा- जुम्महार, चंबा- कोहलडी व चंबा खजियार समेत तमाम संपर्क मार्ग बंद होकर रह गए हैं। दोपहर बाद कुछेक मार्गों पर लोक निर्माण विभाग ने यातायात बहाल करने में सफलता भी हासिल कर ली, लेकिन बारिश के बीच मलबा व पत्थर गिरने का सिलसिला जारी रहने के चलते आवाजाही रिस्की बनी हुई है। शनिवार को बारिश के कारण चंबा जिला के 115 मार्गो पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई है। बारिश से लोक निर्माण विभाग के चंबा मंडल की 32, भरमौर की पांच, डलहौजी की 33, तीसा की 20, सलूणी की 23 और पांगी के दो मार्ग बंद रहे। बारिश के कारण बंद मार्गों पर लोक निर्माण विभाग ने यातायात बहाली का काम छेड़ रखा है। मगर मसूलाधार बारिश का दौर लगातार जारी रहने से लोक निर्माण विभाग की मेहनत पर बार- बार पानी फेर रही है। उधर, लोक निर्माण विभाग डलहौजी सर्किल के अधीक्षण अभियंता दिवाकर पठानियां का कहना है कि बारिश के कारण चंबा जिला की 115 सड़कें बंद हुई है। उन्होंने बताया कि बारिश से लोक निर्माण विभाग को साढे़ सात करोड़ की चपत लगी है। उन्होंने बताया कि बारिश से बंद सड़कों पर यातायात बहाली को लेकर काम लगातार जारी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App