बारिश से सब्जियों के बढ़े रेट

By: Aug 22nd, 2019 12:12 am

सुजानपुर में टमाटर 70 रुपए; हरा मटर 120 रुपए किलो, लोगों की जेब पर महंगाई की मार

सुजानपुर -प्रदेश में हुई बारिश का असर सब्जियों पर भी पड़ा है। यही कारण है कि एकाएक सब्जियों के रेट में तेजी आना शुरू हो गई है, जिससे रसोईघर में एक बार फिर से महंगाई का तड़का लगना लाजिमी है। वर्तमान में सबसे ज्यादा महंगा लाल टमाटर और हरा मटर हुआ है। लाल टमाटर जो अपने भाव में शतक लगाने को तैयार है वहीं, हरा मटर शतक लगाकर 120 रुपए प्रति किलो बिकना शुरू हो गया है। शुरुआती दौर में रसोई की आन-बान और शान प्याज भी अपने भाव में तेजी लाना शुरू कर गया हैञ्। 20 रुपए प्रति किलो रोजाना बिकने वाला प्याज एकाएक डबल भाव 40 रुपए प्रतिकिलो बिकना शुरू हो गया है। फास्ट फूड बनाने की सबसे ज्यादा एवं प्रिय सब्जी पत्ता गोभी भी अपने भाव में रिकार्ड तोड़ प्रदर्शन करते हुए 60 रुपए प्रति किलो बिकना शुरू हो गई है। इसी तरह आलू 30 रुपए प्रति किलो शुरुआती दौर में बिकना शुरू हो गए हैं।  सब्जियों के भाव में वृद्धि का कारण प्रदेश के कुल्लू-मनाली, शिमला, रामपुर, लाहुल स्पीति आदि मुख्य रास्तों का बंद होना बताया जा रहा है। इसके चलते पंजाब राज्य से सब्जी प्रदेश में पहुंच रही है, लेकिन कुछेक सब्जियां जो आजकल प्रदेश से अन्य राज्यों में जाती थीं, वह रास्तों के बंद होने के कारण नहीं जा पा रही हैं। इसके चलते भाव में बढ़ोतरी हुई है। लाहुल स्पीति से आने वाली फूलगोभी 70 रुपए प्रतिकिलो के भाव से बिक रही है। लाल टमाटर 70 रुपए प्रति किलो बिकना शुरू हो गया है। सुजानपुर फ्रूट एंड वेजिटेबल एसोसिएशन के प्रधान नीतु गुप्ता ने बताया कि सब्जियों के रेट में बढ़ोतरी हुई है। इसके चलते खरीददारी और बेचने के कार्य में मंदी आई है। धीरे-धीरे मौसम साफ हो रहा है। रेट एक बार फिर से नॉर्मल हो जाएंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App