भू-स्खलन पीडि़तों को दिए 70 हजार

कठलग में प्रभावितों की मदद के लिए संस्कार सोसायटी ने बढ़ाए हाथ

घुमारवीं -घुमारवीं उपमंडल के तहत आने वाली ग्राम पंचायत कसारू के गांव कठलग में आपदा प्रभावित परिवारों की मदद के लिए हाथ आगे बढ़ने लगे हैं। जहां सामाजिक संस्थाएं इन परिवारों की मदद के लिए आगे आई हैं, वहीं व्यक्तिगत तौर पर भी लोग सहायता करने के लिए पहुंच रहे हैं।  घुमारवीं की संस्कार सोसायटी ने अपनी ओर से सात परिवारों को दस-दस हजार रुपए की राहत राशि व एक-एक ट्रंक प्रदान किया। संस्था की ओर से अनिल धर्माणी, रामस्वरूप शामा, डा. पुष्पराज शर्मा, डा. तिलक राज, रितेश, राजेंद्र, नरेश बब्बी, राजेश शामा, राजेश ठाकुर, सुरेंद्र धर्माणी व महेंद्र चंदेल प्रभावित परिवारों से मिले तथा उन्हें दुख की इस घड़ी में संस्था की ओर से पूरी मदद देने का आश्वासन दिया। वहीं, संस्था के संस्थापक महेंद्र धर्माणी ने कहा कि इन परिवारों के साथ बहुत बड़ी त्रासदी हुई है। प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवारों के इस दुखद समय में संस्था उनके साथ है। बताते चलें कि कसारू पंचायत के गांव कठलग में रविवार सुबह बारिश इस कदर कहर बनकर बरसी कि सात परिवार बेघर हो गए। अपने आशियाने खो चुके लोग कुछ ही क्षण में खुले आसमान में आ गए। करीब 200 बीघा जमीन में हुुए इस लैंड स्लाइड ने सब कुछ तहस नहस कर दिया। कुदरत का कहर इस तरह बरपा कि प्रभावित परिवारों को कुछ पता तक नहीं चला। लैंड स्लाइड में दस मकान व छह गोशालाएं जमींजोद हो गए। रविवार सुबह के पांच बजे हुए इस हादसे ने प्रभावित परिवारों की नींद उड़ा दी। इन परिवारों के इस दुख दर्द को बांटने के लिए समाजिक संस्थाएं व व्यक्तिगत तौर पर लोग सहायता राशि देने पहुंच रहे हैं। संस्कार संस्था ने भी इसमें अपना सहयोग किया।