महिला क्राइम पर गंभीरता से लें एक्शन

By: Aug 6th, 2019 12:02 am

राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डा. डेजी ठाकुर ने पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को दिए निर्देश

सोलन –राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डा. डेजी ठाकुर ने पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि वे महिलाओं की समस्याओं व उनके प्रति अपराधों के संबंध में प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लें तथा कानून के अनुसार त्वरित कार्रवाई करें, ताकि महिलाओं को समय पर न्याय प्राप्त हो सके। डा. डेजी ठाकुर सोलन में जिला सोलन के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुलिस थानों में महिलाओं की शिकायतों एवं समस्याओं के प्रति संवेदनशील बनाने के लिए आयोजित कार्यशाला की अध्यक्षता कर रही थीं। डा. डेजी ठाकुर ने कहा कि महिलाओं को सुगम न्याय प्रदान करने के लिए सरकार द्वारा विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से निःशुल्क कानूनी सहायता प्रदान करने का प्रावधान है। इस विषय में ग्रामीण व दुर्गम क्षेत्रांे में महिलाओं को और अधिक जागरूक करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुविधा के लिए प्रदेश सरकार द्वारा महिला पुलिस थाने खोले गए हैं एवं आवश्यकतानुसार और अधिक खोले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि महिलाएं अपने मोबाइल से शक्ति ऐप बटन के माध्यम से तुरंत अपनी शिकायत दर्ज करवा सकती हैं। इन शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित बनाया जाना आवश्यक है। पुलिस अधीक्षक सोलन मधुसूदन शर्मा ने कार्यशाला में पुलिस द्वारा शिकायत दर्ज करवाने के दौरान विभिन्न कानूनी पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पुलिस विभिन्न महिला अपराधों के प्रति गंभीर है और इस दिशा में पुलिस कर्मियों को अधिक संवेदनशील बनाया जा रहा है। जिला न्यायवादी संजय चैहान ने महिला अपराधों की रोकथाम तथा इस संदर्भ में नवीनतम कानूनों के विषय में जानकारी प्रदान की। जिला कार्यक्रम अधिकारी वंदना चैहान ने प्रदेश सरकार की ओर से महिलाओं व किशोरियों के लिए चलाई जा रही योजनाओं पर प्रकाश डाला। राजकीय महाविद्यालय सोलन की मनोविज्ञान की प्रवक्ता डा. कल्पना भारद्वाज ने महिला-पुरुषों के प्रति सामाजिक व वैज्ञानिक दृष्टिकोण बारे में विस्तृत चर्चा की। कार्यशाला में सहायक जिला न्यायवादी जितेंद्र शर्मा, जन स्वास्थ्य विशेषज्ञ डा. अजय सिंह, वन स्टॉप सेंटर की प्रदेश प्रभारी नीलम कुमारी, नव निर्माण फाउंडेशन की अध्यक्ष कुमारी सुदेश ने भी महिला अपराधों तथा विभिन्न कानूनी पहलुओं पर अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डा. शिव कुमार शर्मा सहित जिला के विभिन्न पुलिस उपाधीक्षक एवं अन्य पुलिस अधिकारी तथा कर्मचारी उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App