मौसम खुलते ही शबाब पर सेब सीजन

By: Aug 28th, 2019 12:01 am

फल मंडियों में धड़ाधड़ पहुंच रहे बॉक्स, दामों में उछाल से चहके बागबान

शिमला – हिमाचल में सेब पूरे शबाब पर है। राज्य में भारी बारिश के बाद मौसम खुलते ही फल मंडियों में धड़ाधड़ सेब बॉक्स पहुंचने शुरू हो गए हैं। फल मंडियों में अराइवल बढ़ने से मंडियों में चहल-पहल भी बढ़ गई। दाम लुढ़कने के बाद एक बार फिर दामों में उछाल आने से बागबान भी गदगद दिख रहे हैं। राज्य के सेब बहुल क्षेत्रों से अब तक 86 लाख 58 हजार सेब बॉक्स फल मंडियों तक पहुंच गया है। मौजूदा सेब सीजन में पिछले सीजन के मुकाबले दुगनी फसल मार्केट में पहुंच गई है। बीते सीजन के दौरान अब तक केवल 47 लाख 54 हजार सेब बॉक्स ही मार्केट में पहुंच पाए थे। बागबानी विभाग के अनुसार अभी तक मार्केट में 86 लाख 58 हजार 800 सेब बॉक्स पहुंचे हैं। बागबानी विभाग के मुताबिक इस सीजन के दौरान चार करोड़ से अधिक सेब बॉक्स का उत्पादन होने का अनुमान लगाया जा रहा है। अगर अनुमान के तहत सेब बॉक्स का उत्पादन होता है, तो यह पिछले कई सालों के दौरान रिकॉर्ड तोड़ उत्पादन होगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App