राजनीति का एक अध्याय खत्म

By: Aug 8th, 2019 12:01 am

सुषमा स्वराज के निधन से राज्यपाल, सीएम दुखी

शिमला – राज्यपाल कलराज मिश्र तथा मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने बुधवार को भाजपा मुख्यालय नई दिल्ली में जाकर सुषमा स्वराज की पार्थिव देह पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। राज्यपाल ने अपने शोक संदेश में कहा कि सुषमा स्वराज एक कुशल नेत्री, असाधारण सांसद, प्रखर वक्ता, कुशल प्रशासक, संवेदनशील व्यक्तित्व की महिला थीं। उन्होंने लंबे समय तक देश की सेवा की और अपने कार्यों से सभी को प्रभावित किया। उनके आकस्मिक निधन से राष्ट्र को अपूर्णीय क्षति हुई है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि सुषमा स्वराज के निधन के साथ ही भारतीय राजनीति का एक बेहतरीन अध्याय समाप्त हो गया। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय सुषमा स्वराज का निधन न केवल पार्टी के लिए एक बड़ी क्षति है, अपितु देश के लिए भी एक अपूर्णीय क्षति है। पूर्व विदेश मंत्री एक ऐसे व्यक्तित्व की धनी थीं, जिनका सभी पार्टी के नेता सम्मान करते थे। उन्होंने कहा कि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में कार्य करते हुए जब भी उन्हें मार्गदर्शन की आवश्यकता पड़ी तो उन्हें स्वराज का कुशल मार्गदर्शन प्राप्त हुआ और उनके साथ उनकी अनेक यादें जुड़ी हैं। राज्य मंत्रिमंडल के सदस्य महेंद्र सिंह, सुरेश भारद्वाज, सरवीन चौधरी, डा. रामलाल मारकंडा, विपिन परमार, वीरेंद्र कंवर, बिक्रम सिंह, गोविंद ठाकुर और डा. राजीव सहजल ने भी सुषमा स्वराज के निधन पर अपना गहरा शोक व्यक्त किया है। सांसद रामस्वरूप शर्मा, किशन कपूर और सुरेश कश्यप ने भी सुषमा स्वराज के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App