लैंड स्लाइडिंग से सुजानपुर मुख्य सड़क छह घंटे ठप

By: Aug 19th, 2019 12:15 am

सुजानपुर -भारी बारिश के चलते उपमंडल सुजानपुर के मुख्य रास्ते लैंडस्लाइड होने के चलते बंद हो गए। इससे लोगों को विशेष रूप से वाहन आवाजाही लंबी दूरी वाली बसों को खासी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। उपमंडल सुजानपुर से हमीरपुर मार्ग चबूतरा के पास चीड़ का पेड़ सड़क पर गिरने से कुछ देरी के लिए बंद रहा। इसके चलते हरियाणा रोडवेज की दिल्ली-सुजानपुर बस  करीब एक घंटा देरी से निकली। दूसरी तरफ सुजानपुर से  संधोल-कक्कड़-जंगलबैरी जाने वाली बसें पलाही के पास भारी लैंडस्लाइड होने के चलते आगे न जा पाई। मुख्य रास्ता करीब छह घंटे तक बंद रहा, जिसे बाद में लोक निर्माण विभाग की जेसीबी द्वारा यातायात सुविधा के लिए खुलवाया गया। इसी तरह सुजानपुर से चौरी  मुख्य मार्ग भी कई स्थान पर लैंडस्लाइड के चलते यातायात आवाजाही से अवरुद्ध रहा, जिसे बाद में विभागीय मशीनरी द्वारा खुलवाया गया। सुबह दस बजे तक सभी रास्ते खुलवा दिए गए थे, जिसके चलते यातायात सुविधा बहाल हो पाई। उपमंडल अधिकारी सुजानपुर शिल्पी बेक्टा ने बताया कि यातायात अवरुद्ध होने की सूचना मिली थी। मौके पर ही लोक निर्माण विभाग को विभागीय मशीनरी लगाकर रास्ते साफ करने के निर्देश दिए हैं। सुबह दस बजे तक सभी रास्ते खुलवा दिए गए थे।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App