वंशवाद के कारण बिखर गई कांग्रेस

By: Aug 21st, 2019 12:30 am

शिवराज सिंह चौहान बोले, धारा 370 पर देश के साथ खड़ा न होने से सामने आई असलियत

धर्मशाला     – भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री  शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पर सियासी हमला किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने वंशवाद, परिवारवाद को बढ़ावा दिया है। नेहरू के बाद इंदिरा, उसके बाद राजीव, उसके बाद सोनिया, फिर राहुल और अब फिर प्रियंका सब कुछ एक ही परिवार के इर्द गिर्द घूम रहा है। लोकसभा चुनाव में हार मिली तो राहुल खुद इस्तीफा देकर भाग गए। नया अध्यक्ष बनने की बारी आई तो फिर से सोनिया को आगे कर दिया। कांग्रेस ने अपने शासनकाल में देश को बर्बाद करने का ही काम किया। यहां तक कि सैन्य साजो-सामान की खरीद में भी गड़बड़ की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व अमित शाह ने कश्मीर से धारा 370 हटाई तो भी कांग्रेस परेशान है। कांग्रेस यह बताए कि जब कश्मीर का विलय हुआ, तब 370 की शर्त नहीं थी तो बाद में कहां से आई। जब कबायलियों को भारतीय सेना खदेड़ रही थी और पूरा कश्मीर भारत के पास आ रहा था, तो नेहरू ने युद्ध विराम क्यों करवाया। इतने वर्षों से 370 की आस में कुछ नेताओं ने अपने घर भरे और वहां की आम जनता को दरकिनार कर दिया। कई वर्षों की लड़ाई को मोदी और शाह ने 48 घंटे में खत्म कर दिया। अब बात पीओके को लेकर होगी। सोनिया गांधी, राहुल और प्रियंका गांधी 370 पर जनता के बीच अपनी बात रख ही नहीं पाए हैं, जबकि कांग्रेस के ही कई नेता इसका स्वागत कर चुके हैं। तीन तलाक पर भी कमोबेश कुछ ऐसी ही स्थिति है। भाजपा सत्ता प्राप्त करने के लिए नहीं, बल्कि देश को जोड़ने का काम कर रही है और इसलिए ही पार्टी ने सदस्यता अभियान शुरू किया है।

10 लाख सदस्य बनाए

देश भर में भाजपा के सदस्यता अभियान का काम देख रहे शिवराज चौहान ने कहा कि हिमाचल भाजपा ने पांच लाख नए सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा था, लेकिन इस आंकड़े को पार करते हुए दस लाख तक पहुंचा दिया है। चौहान ने धर्मशाला में कहा कि सदस्यता अभियान के तहत वह दो माह से देश भर के विभिन्न हिस्सों के प्रवास कर रहे हैं। इस दौरान ब्रिगेडेयर पाठक, कर्नल पीएस राणा, कर्नल एनएस राणा, कर्नल एसपी पुंज, कैप्टन तिलक, कर्नल करतार सिंह, कर्नल प्रीतम सिंह भाजपा में शामिल हो गए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App