शिक्षा बोर्ड स्कूलों में रोपेगा एक लाख पौधे

By: Aug 6th, 2019 12:01 am

धर्मशाला  – हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड मुख्यमंत्री हरित विद्यालय अभियान के तहत प्रदेश भर में एक लाख से अधिक पौधे लगाएगा। इन पौधों के संरक्षण का जिम्मा स्कूल के मुखिया का होगा। वे अपने सहयोगियों एवं छात्रों से मिलकर इन पौधों की देखभाल कर हर कैंपस को हरा-भरा बनाएंगे। इसके तहत स्कूलों में फुलवारियां बनाकर भी उन्हें हरा-भरा बनाने पर जोर दिया दिया जाएगा। शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डा. सुरेश कुमार सोनी ने प्रेस वार्ता में कहा कि प्रदेश भर के प्राइमरी व मिडल स्कूलों में पांच-पांच पौधे लगाए जाएंगे, जबकि हाई व सीनियर सकेंडरी स्कूलों में दस-दस पौधे रोपे जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों के अलावा निजी स्कूलों से भी पौधारोपण करने को डिमांड आई है। ऐसे में निजी स्कूलों को भी इस दिशा में काम करने को कहा गया है। अब शिक्षा बोर्ड मात्र परीक्षाएं लेने वाली एजेंसी बनकर नहीं रह जाएगी, बल्कि शिक्षा विभाग के साथ मिलकर अन्य क्रियाकलापों में भी अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेगा। बोर्ड के अध्यक्ष डा. सुरेश सोनी ने कहा कि छात्रों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ स्कूलों में देश समाज के प्रति चिंता करने व संस्कारवान बनाने का काम भी किया जा रहा है। पौधारोपण इसी दिशा में किया जाने वाला एक कार्य है। उन्होंने कहा कि ग्रीन कैंपस बनाने की दिशा में बेहतर काम करने वाले स्कूलों को सम्मानित भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सात से 16 अगस्त तक करीब एक लाख 29 हजार पौधे लगाए जाएंगे। शिक्षा बोर्ड  ने पौधे लगाने के साथ उन्हें बचाए रखने को लेकर भी पूरी व्यवस्था की है। इसके लिए ट्री गार्ड लगाए जाएंगे। शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डा. सोनी ने कहा कि शिक्षा बोर्ड सात अगस्त से मुख्यमंत्री हरित विद्यालय अभियान शुरू कर रहा है। अभियान की शुरुआत ऊना जिला के सलोह स्कूल से होगी। शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज अभियान का आगाम करेंगे। साथ ही ग्रामीण विकास मंत्री वीरेंद्र कंवर भी उपस्थित रहेंगे। सलोह स्कूल में 51 पौधे लगाए जाएंगे। बोर्ड अध्यक्ष ने कहा कि वन विभाग से पूछ कर पौधे लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि 16 अगस्त तक चलने वाले इस अभियान की 17 को रिपोर्ट तैयार कर मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत करेगा। गौर हो कि वर्तमान में प्रदेश में प्राइमरी स्कूल 10320, मिडल 2531, हाई 929 व सीनियर सेकेंडरी स्कूलों की संख्या 1866 है।  


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App