शोभा यात्रा के साथ जनजातीय उत्सव का आगाज

By: Aug 16th, 2019 12:15 am

कृषि मंत्री डा. रामलाल मार्कंडेय ने बतौर मुख्यातिथि की शिरकत

केलांग –केलांग में तीन दिवसीय जनजातीय उत्सव का आगाज बुधवार को शोभा यात्रा के साथ हो गया। शोभा यात्रा में कृषि, जनजातीय विकास एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री डा. रामलाल मार्कंडेय ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। शोभा यात्रा में सैकड़ों पुरुषों एवं महिलाओं ने भाग लिया। शोभा यात्रा को केंद्रीय विद्यालय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला केलांग से रवाना किया गया तथा पुलिस ग्राउंड केलांग में संपन्न हुआ। शोभा यात्रा के संपन्न होने के बाद कृषि मंत्री डा. रामलाल मार्कंडेय ने विधिवत रूप से जनजातीय उत्सव केलांग-2019 के शुभारंभ की घोषणा की। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनियों का भी अवलोकन किया। इस अवसर पर अपने संबोधन में कृषि मंत्री ने कहा कि जनजातीय उत्सव को मनाने का मुख्य उद्देश्य लाहुल की सांकृतिक विरासत को देश के कोने-कोने तक पहंुचाना है, जिससे कि अन्य स्थानों के लोग यहां की संस्कृति से परिचित हो सकें। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से लाहुल में पर्यटन व्यवसाय को भी बढ़ावा मिलेगा तथा स्थानीय लोगों को स्वरोजगार के अवसर भी प्राप्त होंगे।

मिनी मैराथन में युवाअाें ने दिखाया जोश

जनजातीय उत्सव के दौरान बुधवार को केलांग में मिनी मैराथन ‘रन फार कल्चर’ का आयोजन भी किया गया। कृषि, जनजातीय विकास एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री डा. राम लाल मार्कंडेय एवं उपायुक्त केके सरोच ने मिनी मैराथन को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। इस अवसर पर अपने संबोधन में कृषि मंत्री डा. रामलाल मार्कंडेय ने बताया कि इस मिनी मैराथन का आयोजन लाहुल की सांस्कृतिक विरासत को दर्शाने एवं लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से किया गया है। मिनी मैराथन में विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों एवं स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।

 

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App