श्रद्धांजलि सभा में प्रज्ञा के बयान पर विवाद

By: Aug 26th, 2019 1:58 pm

मध्यप्रदेश की भोपाल सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर की ओर से आज भारतीय जनता पार्टी के दिवंगत नेताओं को दी जा रही श्रद्धांजलि कार्यक्रम में दिए एक विवादित बयान के बाद एक बार फिर से पार्टी के लिए मुश्किलें पैदा हो गई हैं।सुश्री ठाकुर आज पार्टी के दो दिवंगत नेताओं पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल गौर की स्मृति में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में दोनों नेताओं को श्रद्धांजलि अर्पित कर रहीं थीं। इस दौरान उन्होंने कहा कि उन्हें कुछ दिन पहले किसी ने विपक्ष के प्रति आगाह किया था और अब पार्टी के तीन वरिष्ठ नेताओं के असमय निधन से उन्हें लगने लगा है कि उन्हें क्यों विपक्ष के प्रति आगाह किया गया था।
सुश्री ठाकुर के इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में एक नया विवाद पैदा हो गया है। हालांकि पार्टी के कई नेताओं ने उनके इस बयान से किनारा कर लिया है। कार्यक्रम में मौजूद पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष राकेश सिंह ने कहा कि सुश्री ठाकुर के इस बयान को राजनीतिक चश्मे से नहीं देखा जाना चाहिए।सुश्री ठाकुर इसके पहले भी अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में रहीं हैं। उनके नाथू राम गोडसे पर दिए विवादित बयान के बाद स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नाराजगी जताई थी।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App